Monday, 6 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

फरीदाबाद में ATM काटकर 6.53 लाख की चोरी:CCTV की तारें काटकर फरार हुए बदमाश; निजी बैंक के एटीएम को बनाया निशाना

INT News5 July 2026 at 10:05 pm

फरीदाबाद के भूपानी मोड़ इलाके में बीती देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक निजी बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें रखी करीब 6.53 लाख रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों की तारें भी काट दीं, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की जानकारी रविवार सुबह बैंक प्रबंधन और एटीएम संचालन करने वाली कंपनी को मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले में एटीएम का संचालन और रखरखाव करने वाली कंपनी के प्रतिनिधि ने भूपानी थाना पुलिस को शिकायत सौंपी। शिकायत में बताया गया कि घटना के समय मशीन में कुल 6,53,300 रुपए मौजूद थे, जिन्हें बदमाश चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले कितने लोग थे और उन्होंने चोरी की पूरी योजना किस तरह से बनाई। पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश भूपानी थाना इंचार्ज कुलदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।