समाचार · मध्य प्रदेश
जबलपुर: व्यापारी के खाते से 1.90 लाख की ठगी:बिना मैसेज-ओटीपी के साइबर जालसाजों ने उड़ाए पैसे
जबलपुर के लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में एक वरिष्ठ व्यापारी के साथ डिजिटल ठगी का मामला सामने आया है। साइबर जालसाजों ने 66 वर्षीय अशोक कुमार पोद्दार के बैंक खाते से बिना किसी अलर्ट या ओटीपी के 1 लाख 90 हजार रुपये निकाल लिए। जवाहरगंज निवासी अशोक कुमार पोद्दार ने 27 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका व्यापार से जुड़ा खाता एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में है। 22 से 23 अगस्त के बीच अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके खाते से तीन किश्तों में पैसे निकाले। ये राशियाँ क्रमशः 45 हजार, 50 हजार और 95 हजार रुपये थीं। पीड़ित को शुरुआती लेनदेन का कोई मैसेज या ओटीपी प्राप्त नहीं हुआ। ठगी का खुलासा 23 अगस्त को तब हुआ, जब उनके मोबाइल पर 95 हजार रुपये की अंतिम निकासी का मैसेज आया। इस बड़े ट्रांसफर को देखकर व्यापारी को धोखाधड़ी का संदेह हुआ। तत्काल व्यापारी बैंक पहुँचे और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। स्टेटमेंट की जाँच करने पर उन्हें पता चला कि 22 से 23 अगस्त के बीच उनके खाते से कुल 1 लाख 90 हजार रुपये की ठगी की गई है। शिकायत के आधार पर लॉर्डगंज पुलिस ने अज्ञात साइबर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी और छलपूर्वक धन निकालने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।