समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर के रेस्टोरेंट में मोमोज में रेंगती मिलीं इल्लियां:फ्रोजन मोमोज की बास्केट में भी मिलीं, ग्राहक ने खाद्य विभाग से की शिकायत
इंदौर शहर में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर एक और शिकायत सामने आई है। सी-21 मॉल के पीछे डायमेंशन फर्निचर के सामने स्थित वी-आर-वन रेस्टोरेंट में मोमोज में इल्लियां मिलने का मामला सामने आया है। मामले में शिकायतकर्ता दीपक मीणा ने खाद्य विभाग से शिकायत कर रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे का है। वे अपने दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट में मोमोज खाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें मोमोज में इल्लियां रेंगती हुई दिखाई दीं। इस पर उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक सिद्धार्थ मालवीय और कर्मचारी सोनू पाल से शिकायत की। इस पर सोनू का कहना था कि हम मोमोज नहीं बनाते। हमारी कोई गलती नहीं है। शिकायत करने पर बदतमीजी का आरोप दीपक मीणा ने खाद्य विभाग को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि मोमोज में इल्लियां मिलने की बात बताने पर रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारी ने संतोषजनक जवाब देने के बजाय उनके साथ बदतमीजी की। इसके बाद उन्होंने रेस्टोरेंट में रखी फ्रोजन मोमोज की बास्केट भी चेक की। मीणा और उनके साथियों का कहना है कि फ्रोजन मोमोज की बास्केट में रखे अन्य मोमोज में भी इल्लियां रेंगती हुई मिलीं। इसके बाद ग्राहक ने मामले की जानकारी खाद्य विभाग को दी। तीन तस्वीरें देखिए फोटो-वीडियो के साथ की शिकायत शिकायतकर्ता ने खाद्य विभाग को भेजे आवेदन में इस मामले को लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय बताया है। उन्होंने रेस्टोरेंट में खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्वच्छता की जांच कराने के साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ फोटो, वीडियो और रेस्टोरेंट की लोकेशन भी उपलब्ध कराई गई है। अब खाद्य विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मोमोज में इल्लियां थीं या नहीं और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। खाद्य विभाग की जांच के बाद सामने आएगी स्थिति सीनियर फूड इंस्पेक्टर मनीष स्वामी ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिली है। कल टीम जांच के लिए जाएगी और देखेगी कि मोमोज कहां बनाए जाते हैं और कौन-कौन से रेस्टोरेंट्स को सप्लाय किए जाते हैं। सारी जानकारी और सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। इसके बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।