Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

गोहद में अस्पताल में भरा बारिश का पानी:प्रसूति वार्ड में घुसा पानी, विधायक ने CMHO से की शिकायत; BMO बोले- पानी निकालना मेरा काम नहीं

INT News4 July 2026 at 07:43 pm

भिंड जिले के गोहद कस्बे में लगातार हो रही बारिश ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। सिविल अस्पताल परिसर और वार्डों में बारिश का पानी भर जाने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात तब और गंभीर हो गए जब पानी प्रसूति वार्ड तक पहुंच गया, जिसके चलते वार्ड को खाली कराना पड़ा। मामले की जानकारी मिलने पर गोहद विधायक केशव देसाई अस्पताल पहुंचे और अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान विधायक ने बीएमओ से अस्पताल में भरे पानी की निकासी को लेकर सवाल किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बीएमओ ने जवाब दिया कि "पानी निकालना मेरा काम नहीं, यह सफाई कर्मचारियों का काम है।" विधायक ने जब पूछा कि फिर यह काम कौन करेगा, तो बीएमओ ने आशा कार्यकर्ताओं की ओर इशारा करते हुए उन्हें पानी निकालने के लिए कहा। हालांकि आशा कार्यकर्ताओं ने भी यह जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। बीएमओ के इस रवैये से नाराज विधायक ने मौके से ही भिंड के सीएमएचओ डॉ. जी.एस. यादव को फोन कर अस्पताल की स्थिति से अवगत कराया। सीएमएचओ ने तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और पानी की निकासी के निर्देश देने का आश्वासन दिया। इसके बाद विधायक ने भिंड कलेक्टर से भी चर्चा कर अस्पताल की अव्यवस्थाओं की जानकारी दी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

दरअसल, पिछले दो दिनों से गोहद क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण नालों का पानी उफान पर है। नगर की जल निकासी व्यवस्था ठप होने से सड़कों के साथ-साथ सरकारी भवनों में भी पानी भर गया। इसका सबसे अधिक असर सिविल अस्पताल पर पड़ा, जहां मरीजों के इलाज और प्रसूताओं की देखभाल प्रभावित हुई। बैंक शाखा में भी घुसा पानी

बारिश के कारण कस्बे की एक बैंक शाखा में भी पानी भर गया, जिससे कर्मचारियों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोहद में जल निकासी की समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन और सरकारी संस्थानों को नुकसान उठाना पड़ता है।