समाचार · मध्य प्रदेश
22 जुआरियों को गिरफ्तार कर 23 हजार जब्त:बैतूल में जुआ फड़ पर दबिश; 6 पर जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज
बैतूल के भैंसदेही पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पिछले दो दिनों में तीन जुआ फड़ों पर दबिश देकर कुल 22 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से और जुआ फड़ों से कुल 23,960 रुपये नकद तथा ताश के पत्ते जब्त किए हैं। तीनों मामलों में जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पहली कार्रवाई 13 अगस्त को ग्राम कोथलकुंड में टोल के पास हुई। पुलिस को विभिन्न स्थानों पर जुआ फड़ संचालित होने की सूचना मिली थी। टीम ने दबिश देकर दो जुआ फड़ों से 16 लोगों को ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते हुए पकड़ा। मौके से 18,770 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए। इसके बाद, 14 अगस्त की रात पुलिस ने ग्राम सालईढाना में एक और कार्रवाई की। सुखदेव मर्सकोले के घर के पास सड़क किनारे बिजली के खंभे की रोशनी में छह लोग जुआ खेलते हुए पाए गए। पुलिस ने मौके से 5,190 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए। सभी छह आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 22 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सातनकर की टीम द्वारा की गई। पुलिस ने जुआ और सट्टे से जुड़े लोगों को चेतावनी दी है। साथ ही, आम जनता से भी ऐसी अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।