national
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली हाईकोर्ट, एयरपोर्ट सहित कई सरकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी

यह जानकारी पीटीआई न्यूज एजेंसी ने अधिकारियों के हवाले से दी है. पुलिस ने तलाशी और सुरक्षा जांच के बाद सभी धमकियों को फर्जी करार दिया. एक पुलिस सूत्र ने बताया कि दिल्ली छावनी स्थित एसडीएम कार्यालय को सुबह 11:18 बजे, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) के टर्मिनल 3 को सुबह 11:32 बजे, जामनगर हाउस को 11:40 बजे, साकेत एसडीएम कार्यालय को 11:42 बजे और झंडेवालान अग्निशमन नियंत्रण कक्ष को 11:57 बजे बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ईमेल मिले.
दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अग्निशमन सेवा की टीमें सभी पांच स्थानों पर पहुंचीं और इन सभी धमकियों को फर्जी करार दिया. अदालत के सूत्रों के अनुसार हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं. सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्तों का दल उच्च न्यायालय परिसर में तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण कई एजेंसियों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर तलाशी और सुरक्षा जांच शुरू कर दी है. वे हाई अलर्ट पर भी हैं. पुलिस सूत्रों ने बताया कि अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. सूत्रों ने कहा कि अब तक की तलाशी के दौरान किसी भी स्थल पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है.
ये भी पढ़ें : CJI का विरोध करने वाले छात्रों पर कार्रवाई को लेकर SC ने BCI को किया नोटिस, कहा- कानूनी तरीके से विरोध करना गलत नहीं