समाचार · हरियाणा
करनाल में NCB ने पकड़े दो नशा तस्कर:यूपी से लेकर आते, बाइक पर की जाती सप्लाई, तलाशी में हेरोइन बरामद
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की करनाल यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 29.42 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई घरौंडा थाना क्षेत्र में हुई, जहां 17.89 ग्राम हेरोइन और मोटरसाइकिल बरामद हुई। दूसरी कार्रवाई थाना सेक्टर 32-33 क्षेत्र में हुई, जहां 11.53 ग्राम हेरोइन/स्मैक पकड़ी गई। दोनों मामलों में 13 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं। बराना-बरसत रोड पर नाकाबंदी एचएसएनसीबी यूनिट इंचार्ज ऋषिपाल सिंह ने बताया कि पहली टीम एएसआई कुलदीप सिंह के नेतृत्व में थाना घरौंडा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की जांच के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि उमेर निवासी गांव राणा माजरा, पानीपत हेरोइन बेचता है। वह मोटरसाइकिल से गांव बराना होते हुए बरसत में नशा बेचने आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने बरसत से बराना जाने वाली सड़क पर एसएस इंटरनेशनल फैक्ट्री के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए का व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर जांच की तो उसके कब्जे से 17.89 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मोटरसाइकिल और नशीला पदार्थ जब्त कर लिया। इस मामले में थाना घरौंडा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 61-85 के तहत केस दर्ज किया गया। मेरठ रोड पर कृष्णा कॉलोनी में दूसरी कार्रवाई दूसरी कार्रवाई एएसआई उपकार के नेतृत्व में टीम ने थाना सेक्टर 32-33, करनाल क्षेत्र में की। टीम नशीले पदार्थों की जांच के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रवि निवासी सूरज नगर, थाना सेक्टर 32-33, करनाल, उत्तर प्रदेश से स्मैक लाकर करनाल में तस्करी करता है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मेरठ रोड स्थित कृष्णा कॉलोनी की गली नंबर-1 के पास तुरंत छापेमारी की। टीम ने रवि को काबू कर उसकी तलाशी ली तो 11.53 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस मामले में थाना सेक्टर 32-33 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 61-85 के तहत मामला दर्ज किया गया। तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस एचएसएनसीबी के मुताबिक दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हेरोइन/स्मैक कहां से लाई गई थी और इस तस्करी नेटवर्क में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।