Saturday, 17 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

डांडिया उत्सव: मिलर स्कूल ग्राउंड में मनीषा करमाकर की सुरीली आवाज व अभिनेत्री प्रीति झंगियानी की अदाओं पर झूमी राजधानी

INT News17 October 2026 at 12:08 am

डांडिया उत्सव: राजधानी के मिलर हाईस्कूल ग्राउंड में शुक्रवार की शाम डांडिया की खनक और संगीत की धुनों के बीच उत्सव का रंग चढ़ा नजर आया. मौका था की ओर से आयोजित डांडिया नाइट का. यहां बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी जश्न में डूबे दिखे. हाथों में डांडिया और पारंपरिक परिधानों में सजे लोग गरबा गीतों पर जमकर थिरके.

इंडियन आइडल फेम गायिका मनीषा करमाकर ने अपनी सुरीली आवाज से कार्यक्रम में संगीत का रंग भरा. वहीं, बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति झंगियानी के मंच पर पहुंचते ही दर्शकों का उत्साह दोगुना हो गया. तालियों और शोर के बीच लोगों ने उनका स्वागत किया. कार्यक्रम का संचालन एंकर स्मिता सिंह और रेडियो धूम के आरजे समीर ने किया. दोनों ने अपनी प्रस्तुति से पूरे आयोजन में उत्साह बनाए रखा.

‘मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है’ पर झूमे दर्शक

गायिका मनीषा करमाकर ने ‘हे नाम रे सबसे बड़ा तेरा नाम’ गीत के साथ मंच पर एंट्री ली. इसके बाद उन्होंने अपने बैंड के साथ कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी. ‘मेरी चुनर उड़-उड़ जाए’, ‘छोगाड़ा तारा’, ‘डोली सजा के रखना’, ‘पल्लू लटके’, ‘मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है’ और ‘नगाड़े संग ढोल बाजे’ जैसे गानों पर दर्शक खुद को थिरकने से रोक नहीं सके.

‘पायल ने मचाया शोर’ पर प्रीति झंगियानी की प्रस्तुति

मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति झंगियानी के मंच पर आते ही दर्शकों में खुशी की लहर दौड़ गई. लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया. प्रीति ने ‘छुई-मुई सी तुम लगती हो, फूलों जैसी हंसती हो’, ‘पैरों में बंधन है, पायल ने मचाया शोर’, ‘ढोला ढोल मंजीरा बाजे रे’ और ‘राधे-राधे, तेरे बिना तो किसना लगे आधे-आधे’ जैसे गीतों के जरिए माहौल को संगीतमय बना दिया.

पटना जैसा ग्रैंड सेलिब्रेशन मुंबई में भी नहीं: प्रीति झंगियानी

अभिनेत्री प्रीति झंगियानी ने ‘नमस्ते’ और ‘गुड इवनिंग’ कहकर दर्शकों का अभिवादन किया और नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि पूरे साल ऐसे पल का इंतजार रहता है. पटना में जिस तरह का ग्रैंड सेलिब्रेशन देखने को मिला, वैसा मुंबई में भी देखने को नहीं मिलता. दर्शकों के बीच आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा.

इस दौरान उन्होंने अपनी फिल्म ‘मोहब्बतें’ का प्रसिद्ध संवाद, ‘दुनिया में कितनी हैं नफरतें, फिर भी दिलों में हैं चाहतें’, भी सुनाया. उन्होंने दर्शकों से इसी तरह प्यार और मोहब्बत बनाए रखने की अपील की.

रियाज और सीखने की ललक से लंबा होता है करियर: मनीषा

से बातचीत में इंडियन आइडल फेम गायिका मनीषा करमाकर ने कहा कि बिहार-झारखंड टूर का बुकिंग कन्फर्मेशन मिलने के बाद से ही वह काफी उत्साहित थीं. उन्होंने कहा कि पटना के लोग बेहद ऊर्जावान और संगीत प्रेमी हैं. यहां के दर्शक कलाकारों को बहुत प्यार और समर्थन देते हैं.

मनीषा ने कहा कि रियलिटी शो के बाद संगीत की दुनिया में खुद को बनाए रखना असली चुनौती होती है. आगे बढ़ने के लिए नियमित रियाज और सीखने की ललक सबसे जरूरी है. जितना अधिक सीखेंगे, करियर उतना ही लंबा और सफल होगा.

सेल्फी में यादगार पलों को कैद करते रहे लोग

डांडिया नाइट में बड़ी संख्या में लोग अपने दोस्तों और परिवार के साथ पहुंचे थे. उत्सव के बीच लोग मोबाइल से सेल्फी लेकर यादगार पलों को कैद करते नजर आए. दर्शकों ने भोजपुरी गानों की भी मांग की. इसके बाद ‘काटी रात मैंने’ गीत पर भी लोगों का जोश देखने लायक रहा.

खचाखच भरे मिलर हाईस्कूल ग्राउंड में बच्चे, युवा और बुजुर्ग एक साथ उत्सव का आनंद लेते दिखे. संगीत, डांडिया और गरबा की धुनों के बीच पूरी शाम उल्लास और उमंग से भरी रही.

Also Read: पटना में खाद्य सुरक्षा पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, एआई-ड्रोन और पारंपरिक ज्ञान से खेती को बेहतर बनाने पर जोर