entertainment
100 करोड़ की दहलीज पर ‘जेलर 2’, क्या वीकेंड पर रजनीकांत रचेंगे नया रिकॉर्ड?

Jailer 2 Box Office Collection Day 2 : साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. फिल्म ने रिलीज के पहले दिन शानदार कमाई की थी और अब दूसरे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है. हालांकि, फिल्म भारत में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा छूने से थोड़ी पीछे रह गई. खास बात यह है कि दूसरे दिन की कमाई के मामले में यह रजनीकांत की पिछली फिल्म ‘कूली’ का रिकॉर्ड भी नहीं तोड़ सकी.
दूसरे दिन ‘जेलर 2’ ने कितनी कमाई की?
आपको बता दें कि Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘जेलर 2’ ने दूसरे दिन रात 10 बजे तक भारत में करीब 35.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही फिल्म की कुल घरेलू कमाई 95.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. फिल्म 100 करोड़ रुपये के आंकड़े के काफी करीब पहुंची, लेकिन इसे पार नहीं कर पाई. अब दर्शकों की नजरें वीकेंड पर टिकी हैं, क्योंकि शनिवार और रविवार को फिल्म की कमाई में बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही है.
पहले दिन ही हुई थी शानदार शुरुआत
ऐसे में रजनीकांत की फिल्म ने रिलीज के पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की थी. फिल्म ने पहले दिन भारत में करीब 59.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसकी एडवांस बुकिंग 10 अक्टूबर से भारत में शुरू हुई थी, जबकि कुछ विदेशी बाजारों में टिकटों की बिक्री एक दिन पहले ही शुरू हो गई थी. रिलीज से पहले फिल्म की दुनियाभर में एडवांस बुकिंग 80 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई थी. वहीं, भारत में पहले दिन के लिए प्री-सेल के दौरान करीब 18 लाख टिकट बिके थे.
‘कूली’ का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई फिल्म
रजनीकांत की पिछली फिल्म ‘कूली’ ने रिलीज के दूसरे दिन भारत में करीब 53.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. इस फिल्म की दो दिनों की कुल कमाई लगभग 108 करोड़ रुपये हो गई थी. वहीं, ‘जेलर 2’ दूसरे दिन 35.60 करोड़ रुपये ही कमा सकी. इस तरह दूसरे दिन के कलेक्शन के मामले में फिल्म ‘कूली’ से पीछे रह गई है.
क्या है ‘जेलर 2’ की कहानी?
‘जेलर 2’ की कहानी पहली फिल्म में हुई घटनाओं के आगे बढ़ती है. रजनीकांत एक बार फिर मुथु के किरदार में नजर आ रहे हैं. पहली फिल्म में मुथु ने वर्मन का खात्मा किया था. इसके बाद उसे चेतावनी मिलती है कि मूर्तियों की तस्करी करने वाले गिरोह के लोग उसके पीछे पड़ सकते हैं.
मुथु अपने परिवार को सुरक्षित रखने के साथ उनकी जिंदगी सामान्य बनाए रखने की कोशिश करता है. वह एक सुपरमार्केट में सुपरवाइजर के तौर पर काम करता है, लेकिन उसका पुराना अतीत एक बार फिर उसके सामने आ जाता है. इसके बाद उसकी जिंदगी में नई मुश्किलें खड़ी हो जाती हैं और वह उनसे निपटने के लिए अपने पुराने और नए साथियों की मदद लेता है.