Saturday, 17 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

आरा गोलीकांड : तीन दिन तक रेकी के बाद पूर्व कस्टम अधिकारी की हत्या, CCTV फुटेज से शूटरों की तलाश तेज

INT News17 October 2026 at 01:42 am

Arrah News : आरा के नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में क्षत्रिय कल्याण संघ के अध्यक्ष सह पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या की जांच तेज कर दी गयी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस की मदद से शूटरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें बाइक सवार तीन बदमाश पूर्व अधिकारी को गोली मारने के बाद भागते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

CCTV फुटेज और मोबाइल सर्विलांस से शूटरों की तलाश

पुलिस घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. इसके साथ ही मोबाइल सर्विलांस की मदद से घटना के समय इलाके में सक्रिय मोबाइल नंबरों का डाटा भी जुटाया जा रहा है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड में शामिल बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

Also Read : आरा: बेटे के सामने रिटायर्ड कस्टम अधिकारी को मारी आठ गोलियां; पत्नी का आरोप-14 कट्ठा जमीन के लिए हुई हत्या

बड़की सिंगही के एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दूसरे दिन भी एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. वह बड़की सिंगही का रहने वाला बताया जा रहा है. पूर्व अधिकारी की पत्नी सुशीला देवी की ओर से नवादा थाने में दिए गए आवेदन में भी उसका नाम होने की बात सामने आयी है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. हालांकि, शुक्रवार की शाम तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी थी.

14 कट्ठा जमीन समेत अन्य विवादों के एंगल से जांच

पुलिस की जांच में बलबतरा स्थित जमीन समेत दो-तीन अन्य जमीनों से जुड़े विवादों की बात सामने आयी है. इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश की जा रही है. मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने आरोप लगाया है कि बलबतरा स्थित 14 कट्ठा जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से उनके पति की हत्या की गयी.

सुशीला देवी ने तत्कालीन मुफस्सिल थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव पर कार्रवाई नहीं करने और आरोपितों के साथ सांठगांठ करने का आरोप भी लगाया था. इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव को निलंबित कर दिया है.

Also Read : रिटायर्ड कस्टम सुपरिटेंडेंट हत्याकांड में आरोपित CO की खोज तेज, आरा-पटना बाइपास जाम कर बैठे हैं परिजन

एसपी बोले- गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि हत्याकांड में शामिल आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस टीम मामले पर काम कर रही है और जल्द ही परिणाम सामने आने की उम्मीद है.

तीन दिन तक रेकी करने के बाद दिया गया वारदात को अंजाम

पुलिस की अब तक की जांच के अनुसार, रामकुमार सिंह की हत्या से पहले करीब तीन दिनों तक उनकी गतिविधियों की रेकी की गयी थी. बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध को तीन दिन पहले से उनके टहलने के रास्ते के आसपास देखा गया है.

रामकुमार सिंह रोज सुबह अपने बड़े बेटे के साथ टहलने के लिए रमना मैदान जाते थे. गुरुवार की सुबह भी करीब छह बजे वह बेटे के साथ टहलने के लिए घर से निकले थे. कार निकालने के बाद वह गैराज में ताला लगा रहे थे. इसी दौरान घर के बाहर घात लगाकर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं.

सात से आठ गोलियां लगने से हुई थी मौत

प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, बदमाशों ने रामकुमार सिंह पर सात से आठ गोलियां चलायी थीं. गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और जमीन विवाद से जुड़े सभी पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

Also Read : आरा गोलीकांड में बेटे ने बताई आंखों देखी, पद्मश्री के परिचित ने मार दी सात गोलियां