समाचार · झारखंड
जमशेदपुर के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को भारतीय टीम में मिला स्थान, पिता ने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताई ये बातें...

जमशेदपुर : झारखंड और इस्पात नगरी जमशेदपुर के लिए एक बेहद गर्व की खबर सामने आई है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा न्यूजीलैंड दौरे के लिए घोषित की गई भारतीय टीम (ODI स्क्वॉड) में जमशेदपुर के प्रतिभावान युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को शामिल किया गया है. कुशाग्र के इस ऐतिहासिक चयन से पूरे झारखंड सहित उनके पैतृक आवास और खेल प्रेमियों में जश्न का माहौल है.
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल के शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
जुगसलाई और कदमा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले युवा खिलाड़ी कुमार कुशाग्र ने कम उम्र में ही घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपने आक्रामक खेल व बेहतरीन विकेटकीपिंग कौशल से राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था. घरेलू प्रतियोगिताओं में मध्यक्रम के एक भरोसेमंद बल्लेबाज और फिनिशर के रूप में उनकी पारियों ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है.
झारखंड में खुशी की लहर
कुमार कुशाग्र के टीम इंडिया में चुने जाने की खबर मिलते ही जमशेदपुर के खेल जगत में उत्साह की लहर दौड़ गई है. स्थानीय खेल प्रेमियों, कोचों और शुभचिंतकों का मानना है कि कुशाग्र का यह चयन आने वाले समय में झारखंड के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनेगा. न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी श्रृंखला में उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है.
मेहनत और पूरे परिवार के समर्पण का मिला फल : शशिकांत
कुमार कुशाग्र के पिता शशिकांत सिंह ने कहा - जब बेटा टीम इंडिया में चुना जाता है, तो एक पिता के रूप में उस खुशी को शब्दों में बयां करना मुश्किल होता है. कुशाग्र के लिए यह बहुत ही कम उम्र में एक बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उसने काफी मेहनत की है.
बेटे के संघर्ष के दिनों को किया याद
अपने बेटे के शुरुआती दिनों और संघर्ष को याद करते हुए उन्होंने कहा - मैं उसे हमेशा ट्रेनिंग के लिए मुख्य मैदान लेकर जाता था. कुशाग्र ने यहां तक पहुंचने के लिए दिन-रात एक कर दिया है और अपने खेल पर लगातार काम किया है.
पूरे परिवार का रहा है सहयोग
इस पूरे सफर में केवल कुशाग्र की मेहनत ही नहीं, बल्कि हमारे पूरे परिवार का भी बहुत बड़ा साथ रहा है. सभी के सहयोग और त्याग के बिना यह संभव नहीं हो पाता.
कुमार कुशाग्र का टीम इंडिया में चयन झारखंड के लिए बड़ी उपलब्धि : सौरभ तिवारी
झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के सचिव सौरभ तिवारी ने विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र के भारतीय टीम में चयन को राज्य के क्रिकेट इतिहास के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण बताया है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे झारखंड के लिए बहुत बड़ा मील का पत्थर है. सौरभ तिवारी ने विश्वास जताया कि राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और आने वाले समय में झारखंड के कई अन्य युवा खिलाड़ी भी अपनी कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम (टीम इंडिया) की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे. उन्होंने कहा कि जेएससीए की ओर से खिलाड़ियों को लगातार बेहतर सुविधाएं, प्लेटफॉर्म और ट्रेनिंग मुहैया कराई जा रही है, जिससे राज्य के युवाओं को ग्लोबल स्टेज तक पहुंचने का खुला रास्ता मिल रहा है.