Saturday, 17 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 8 लाख रुपए ठगे:मांगने पर युवक को चाकुओं से गोदा, इलाज के दौरान मौत, 8-10 युवकों ने ब्रेजा कार से खींचकर किया हमला

INT News17 October 2026 at 12:30 am

करनाल के पुराने बस अड्डे के पीछे रुपए के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला कर दिया गया। आरोप है कि 8 से 10 युवकों ने उसे कार से बाहर खींचकर बुरी तरह पीटा और तेजधार हथियारों से कई वार किए। गंभीर हालत में उसे पहले करनाल के अमृतधारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जहां पर कल इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर पांच नामजद आरोपियों और उनके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। 8 लाख रुपए लेकर ऑस्ट्रेलिया भेजने का दिया था भरोसा

शिकायतकर्ता कश्मीर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह करनाल की आरके पुरम कॉलोनी की गली नंबर 3 स्थित मकान नंबर 89-बी में रहता है और कपड़े सिलाई का काम करता है। परिवार में छह भाई हैं। उससे छोटा भाई संजीव कुमार है, जिसके इकलौते बेटे लक्ष्य की मां की मौत उस समय हो गई थी, जब लक्ष्य करीब तीन साल का था। इसके बाद लक्ष्य लगभग 10 साल से कश्मीर सिंह के पास रह रहा था। लक्ष्य ने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। इसके बाद वह पढ़ाई के आधार पर रूस चला गया। वहां उसकी जान-पहचान गोस्वामी नाम के एक व्यक्ति से हुई, जो ऊंचा समाना का रहने वाला बताया गया है। बाद में लक्ष्य रूस से गोस्वामी के पास दुबई पहुंच गया। वहां ऑस्ट्रेलिया भेजने को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि लक्ष्य ने ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर गोस्वामी को 4 लाख रुपए नकद और 4 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बावजूद उसे ऑस्ट्रेलिया नहीं भेजा गया और वह वापस करनाल आ गया। कश्मीर सिंह के अनुसार, गोस्वामी ने लक्ष्य के रुपए भी वापस नहीं किए। करीब 4-5 दिन पहले लक्ष्य अपने पैसे मांगने के लिए गोस्वामी के पास गया था। चाचा ने उसे समझाया था कि वह किसी से झगड़ा न करे। कार से बाहर खींचकर चाकू और डंडों से हमला किया

कश्मीर सिंह ने बताया कि बीती 14 अक्टूबर को लक्ष्य के दोस्त शिवांक निवासी कलवेड़ी ने उसे फोन कर घटना की जानकारी दी। शिवांक के अनुसार, वह और लक्ष्य पुराना बस अड्डा करनाल के पीछे ब्रेजा कार में बैठे थे। इसी दौरान 8-10 युवक वहां पहुंचे और लक्ष्य को कार से बाहर खींच लिया। आरोप है कि युवकों ने उस पर लाठी-डंडों, चाकुओं और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा होने के बाद आरोपी लक्ष्य को जान से मारने की धमकी देकर हथियारों सहित फरार हो गए। इसके बाद शिवांक ने घायल लक्ष्य को करनाल के अमृतधारा अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर कश्मीर सिंह अपने छोटे भाई संजीव कुमार और अन्य रिश्तेदारों के साथ अस्पताल पहुंचा। वहां उन्होंने लक्ष्य के पेट और हाथों पर चाकुओं व तेजधार हथियारों के घाव देखे। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें थीं। अस्पताल में बताए आरोपियों के नाम

शिकायत के मुताबिक, अस्पताल में लक्ष्य ने अपने परिजनों को बताया कि उस पर अमन निवासी कमालपुर, सोनू निवासी घरौंडा, आर्यन निवासी बस्ताड़ा, गौतम पंडित और पुनीत निवासी गगसीना सहित 4-5 अन्य युवकों ने हमला किया है। लक्ष्य की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इसके बाद संजीव कुमार और अन्य रिश्तेदार उसे इलाज के लिए मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल ले गए, जहां उसे भर्ती कराया गया। कल इलाज के दौरान लक्ष्य की मौत हो गई। कश्मीर सिंह ने आरोप लगाया कि नामजद युवकों और उनके साथियों के हमले में आई चोटों के कारण ही उसके भतीजे की जान गई। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस को पहले भी मिली थी घायल होने की सूचना

पुलिस को 14 अक्टूबर को थाने में सूचना मिली थी कि लक्ष्य पुत्र संजीव कुमार निवासी गांव बुच्ची लड़ाई-झगड़े में लगी चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती है। परिजनों से जानकारी लेने पर पता चला कि उसे आगे के इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया है। परिवार ने वहां ले जाने की बात कही थी और बाद में सूचना देने को कहा था। जिसके बाद मोहाली के फोर्टिस अस्पताल से लक्ष्य के इलाज के संबंध में ऑनलाइन सूचना थाने पहुंची। उस समय परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया। उसी दिन बाद में लक्ष्य की इलाज के दौरान मौत होने की सूचना मिली। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने सिटी थाना में शिकायत के आधार पर पांच आरोपियों को नामजद किया है। मामले की जांच एएसआई राजेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।