Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बालाघाट में 24 घंटे में 2.5 इंच बारिश:नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा; पिछले साल की तुलना में अब तक 6 इंच कम वर्षा

INT News9 August 2026 at 12:46 pm

बालाघाट जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर लगातार बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटों में जिले में औसतन सवा दो इंच (57.15 मिमी) वर्षा दर्ज की गई, जिसमें बिरसा तहसील में सबसे ज्यादा साढ़े तीन इंच (88.9 मिमी) बारिश हुई है। इस मानसूनी बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं खेतों में लहलहा रही फसलों को भी बड़ा फायदा पहुंचा है। हालांकि, नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। 11 अगस्त तक आंधी-तूफान के साथ वर्षा का अलर्ट मौसम वैज्ञानिक डॉ. धर्मेंद्र अगासे ने आगामी 11 अगस्त तक जिले में तेज हवाओं और आंधी-तूफान के साथ हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई है। उधर, मानसून सीजन में 1 जून से 9 अगस्त तक जिले में कुल 29 इंच (736.6 मिमी) बारिश हो चुकी है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष 2025 की इसी अवधि की तुलना में 6 इंच कम है। आंकड़ों के मुताबिक इस सीजन बालाघाट तहसील में सर्वाधिक 38 इंच, जबकि खैरलांजी में सबसे कम 21 इंच बारिश दर्ज की गई है। उफान मारते पुल-पुलियों को पार न करें नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने हिदायत दी है कि बारिश के दौरान रपटों, पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में उन्हें पार करने का जोखिम न उठाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। लोगों को पानी उतरने तक धैर्य रखने और पूरी तरह सुरक्षित होने पर ही आगे बढ़ने की सलाह दी गई है। तस्वीरे देखिए…