समाचार · मध्य प्रदेश
टीकमगढ़ में कीटनाशक पीने के मामले में 4 पर केस:महिला के आरोपों के बाद युवक, मां, भाई और भाभी पर FIR
टीकमगढ़ के दिगौड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा कीटनाशक दवा का सेवन करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बछोड़ा गांव की इस महिला ने 6 अगस्त की शाम को कीटनाशक पी लिया था, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला का इलाज अभी भी जारी है। कीटनाशक पीते समय महिला ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने पुलिस पर कार्रवाई न करने और बर्माताल गांव के एक युवक पर धोखाधड़ी कर शादी करने का आरोप लगाया था। दिगौड़ा पुलिस ने ग्राम बर्माताल निवासी दृगपाल घोष, उसकी मां सूरज देवी, भाई कुलदीप घोष और भाभी छाया घोष के खिलाफ धारा 85, 351(3), 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, बछोड़ा गांव की युवती जनवरी माह में घर से लापता हो गई थी। उसके पिता की रिपोर्ट पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। युवती ने बर्माताल गांव के दृगपाल घोष से शादी कर ली थी। पुलिस ने युवती को दस्तयाब किया था, जिसके बाद युवती दृगपाल घोष के साथ चली गई थी। 30 जुलाई को युवती दृगपाल घोष का घर छोड़कर अपने माता-पिता के पास लौट आई। उसने अपने परिजनों के साथ दिगौड़ा थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन दिया था। इसमें उसने दृगपाल और उसके परिवार वालों पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। युवती ने यह भी बताया कि उसने कई बार पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन दृगपाल पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे परेशान होकर उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया। युवती ने की थी कोर्ट मैरिज इस मामले में दिगौड़ा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि युवती ने जनवरी में द्रगपाल के साथ ग्वालियर में कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद उसकी सहमति पर उसे दृगपाल के सुपुर्द कर दिया गया था। बाद में उसने दृगपाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने दृगपाल घोष, उसकी मां सूरज देवी, भाई कुलदीप घोष और भाभी छाया घोष के खिलाफ मारपीट करने, शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।