Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

गांधी पार्क में हाईमास्ट पोल से बालक को करंट लगा:साथी ने बल्ले से छुड़ाया; शिवपुरी में अस्पताल में भर्ती

INT News9 August 2026 at 01:56 pm

शिवपुरी के गांधी पार्क में रविवार सुबह क्रिकेट खेलते समय 13 वर्षीय बालक को हाईमास्ट पोल से करंट लग गया। करंट लगने के बाद बालक पोल से चिपक गया। उसके साथी ने सूझबूझ दिखाते हुए क्रिकेट के बल्ले से उसे अलग किया और बाद में बालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हनुमान कॉलोनी निवासी आदित्य धाकड़ (13) पिता महेंद्र धाकड़ रविवार सुबह अपने दोस्तों के साथ गांधी पार्क में क्रिकेट खेल रहा था। क्रिकेट की गेंद हाईमास्ट पोल के पास चली गई। आदित्य जब गेंद उठाने पोल के पास पहुंचा, तो उसे अचानक करंट लगा और वह पोल से चिपक गया। आदित्य को पोल से चिपका देख उसके साथी ने तत्काल क्रिकेट के बल्ले से उसे अलग किया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से आदित्य को शिवपुरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांधी पार्क में हाईमास्ट बिजली के पोल में पिछले तीन-चार दिनों से करंट दौड़ रहा था। इस जानकारी के बावजूद समय पर समस्या का समाधान नहीं किया गया। लोगों ने बताया कि साथी बालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर पालिका का दल मौके पर पहुंचा और हाईमास्ट पोल में दौड़ रहे करंट को ठीक कराया।