समाचार · हरियाणा
15 अगस्त को जाखल बंद का ऐलान:रेलवे फाटक खुलवाने की मांग पर काले झंडों से प्रदर्शन, 15 सदस्यीय कमेटी ने लिया फैसला
फतेहाबाद जिले के जाखल में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बंद पड़े फाटक को खुलवाने की मांग को लेकर जाखल बंद का ऐलान किया है। इस दौरान आंदोलनकारी काला दिवस मनाएंगे। यह निर्णय रविवार को जाखल अनाज मंडी में हुई एक बैठक में लिया गया। इस बैठक में किसानों, व्यापारियों, आढ़तियों, मजदूरों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में आरओबी के नीचे बंद फाटक के कारण आवागमन में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया बैठक के बाद एक 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया, जिसने आंदोलन को आगे बढ़ाने का फैसला लिया। कमेटी ने 15 अगस्त को जाखल बंद रखने और काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। किसानों का कहना है कि आरओबी निर्माण के कारण मंडी की ओर आने-जाने वाला रास्ता बंद हो गया है। इससे उन्हें अपनी फसल लेकर मंडी तक पहुंचने के लिए एक लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिसमें अतिरिक्त समय और डीजल खर्च होता है। आगामी धान सीजन को देखते हुए किसानों ने चिंता जताई है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उनकी परेशानी कई गुना बढ़ जाएगी। बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील बैठक में मौजूद लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। कमेटी ने जाखल के दुकानदारों, व्यापारियों, किसानों और सामाजिक संगठनों से बंद को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। आंदोलन से जुड़े लोगों ने स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या विभाग का विरोध करना नहीं है, बल्कि जाखल की जनता और किसानों के आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान करवाना है। एक ओर जहां देशभर में तिरंगा लहराकर आजादी का उत्सव मनाया जाएगा, वहीं जाखल में काले झंडे लेकर रोष व्यक्त किया जाएगा। शहर के अग्रसैन चौक पर एकत्रित होंगे लोग बता दे कि 15 सदस्यीय कमेटी द्वारा लिए गए निर्णय को लेकर शहरवासी और किसान अन्य संगठन शहर के अग्रेसन चोक पर एकत्रित होंगे। जो शहर की अनेकों गलियों में काले झंडे लेकर रोष प्रदर्शन करेंगे। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नही की जाती तब तक के लिए यह रोष चलता रहेगा। उन्होने जल्द अपनी मांग पर फैंसला लेने के मांग की है।