समाचार · पंजाब
मोगा में नौकरी का झांसा देकर 3.20 लाख की ठगी:बाघापुराना पुलिस ने दो आरोपियों पर मामला दर्ज किया, जांच के बाद होगी गिरफ्तारी
थाना बाघापुराना पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने पीड़ितों को पोस्ट ऑफिस और नर्स की नौकरी लगवाने का लालच देकर कुल 3.20 लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस को दी गई शिकायतों के अनुसार, ठगी के इस खेल में दो अलग-अलग परिवारों को निशाना बनाया गया। बाघापुराना के रहने वाले सुखमंदर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने उनकी बेटी किरणदीप कौर को पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.50 लाख रुपये लिए थे। फरीदकोट जिले के गांव वाड़ा भाई का निवासी बलराज सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उनकी पत्नी को नर्स की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 1.70 लाख रुपये की ठगी की। इन आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला जांच के बाद पुलिस ने जिन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान संदीप सिंह उर्फ बाबा (पुत्र हरबंस सिंह, निवासी खाई), कमलप्रीत कौर (पत्नी सतपाल सिंह, निवासी ठट्टी भाई) के रूप में हुई। पुलिस अधिकारियों द्वारा दोनों शिकायतों की गहन जांच करने के बाद, थाना बाघापुराना में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कथित तौर पर लिए गए पैसों के लेन-देन और नौकरी के नाम पर तैयार किए गए दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है ताकि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें।