समाचार · हरियाणा
कुरुक्षेत्र में सफाई कर्मियों ने निकाला रोष मार्च:साथी की मौत पर जताया गुस्सा, सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
कुरुक्षेत्र शहर में नगर परिषद (नप) के सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को अपने साथी कर्मचारी रोहित की याद में रोष मार्च निकाला। वे हड़ताल के 33वें दिन नप कार्यालय से मार्च करते हुए शहर के मुख्य बाजारों में पहुंचे। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यह मार्च मेन बाजार, अंबेडकर चौक और पुराने बस स्टैंड से होते हुए वापस नप कार्यालय पर संपन्न हुआ। साथी कर्मचारी की मौत पर उनमें गुस्सा था। बता दें कि कल रविवार को रोहित की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। सांस लेने में तकलीफ होने पर परिवार रोहित को अस्पताल लेकर गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोहित की मौत को लेकर नाराजगी कर्मचारी नेता सुनील लोहट ने कहा कि रोहित उनके साथ आंदोलन में शामिल था। आरोप लगाया कि सरकार और अधिकारियों की ओर से जारी नोटिस के कारण रोहित काफी तनाव में था, लेकिन अब रोहित उनके बीच नहीं है। कर्मचारी इस पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग रहे हैं। सुनील लोहाट ने कहा कि रोहित की याद में निकाला गया यह मार्च सिर्फ रोहित के लिए श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि कर्मचारियों के गुस्से का भी प्रदर्शन है। मामले में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और अगर किसी स्तर पर लापरवाही या दबाव की बात सामने आती है, तो कार्रवाई होनी चाहिए। 33 दिन से हड़ताल पर कर्मचारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को 33वें दिन भी जारी रही। लंबे समय से सफाई का काम प्रभावित होने के कारण शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं। मुख्य बाजारों और दूसरे सार्वजनिक स्थानों पर भी सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। जब तक उनकी सभी मांगों को स्वीकार नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल और धरना जारी रहेगा। न खुद करेंगे न किसी को करने देंगे सफाई उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आंदोलन के दौरान न तो वे खुद सफाई करेंगे और न ही किसी अन्य से सफाई करवाने देंगे। सरकार को उनकी मांगों पर लिखित और स्पष्ट फैसला लेना होगा। आंदोलन को कई सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।