Monday, 7 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

खरगोन में कपास की नीलामी शुरू, विधायक ने की पूजा:पहले ही दिन 500 से ज्यादा वाहनों में पहुंची 10 हजार क्विंटल उपज

INT News7 September 2026 at 02:50 pm

मध्य प्रदेश के सबसे बड़े कपास उत्पादक खरगोन की कृषि उपज मंडी में सोमवार को कपास के नए सीजन की शुरुआत हुई। आनंद नगर स्थित मंडी में पूर्व कृषि राज्यमंत्री और खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने पूजा कर कपास की नीलामी शुरू कराई। पहले वाहन की कपास 8411 रुपए प्रति क्विंटल के भाव बिकी। नए सीजन के पहले ही दिन किसान 500 से ज्यादा वाहनों और करीब 100 बैलगाड़ियों में लगभग 10 हजार क्विंटल कपास लेकर मंडी पहुंचे। इस दौरान किसान, व्यापारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। 10 हजार क्विंटल कपास की आवक पूजा के बाद 'जय बलराम' के जयकारों के बीच कपास की नीलामी शुरू हुई। सबसे पहले किसान अश्विन दांगी की कपास की बोली लगाई गई। केके कॉटन के कल्याण अग्रवाल ने इसकी अधिकतम बोली 8411 रुपए प्रति क्विंटल लगाई। वहीं नमी वाली कपास भी 7 से 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी। अच्छी फसल से भाव बढ़ने की उम्मीद विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने बताया कि इस साल अच्छी बारिश के कारण कपास की फसल बेहतर है। सितंबर में अभी तक बारिश नहीं होने से फसल की गुणवत्ता भी अच्छी बनी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नमी कम होने के साथ कपास के भाव 10 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर पड़ने की संभावना कारोबारी कल्याण अग्रवाल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कपास का उत्पादन कम रहने की संभावना है। इसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे कपास में नमी कम होगी, किसानों को अच्छे भाव मिलने की उम्मीद है। मुहूर्त में मिला अच्छा भाव किसान कुणाल दांगी ने बताया कि मुहूर्त में उनकी कपास को अच्छा भाव मिला है। फसल अच्छी होने के कारण उन्हें आगे भी कपास के दाम बेहतर रहने की उम्मीद है। इस मौके पर मंडी सचिव शर्मिला निनामा समेत कई किसान, व्यापारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।