Monday, 7 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कुएं में मिली 28 वर्षीय विवाहिता की लाश:सुबह विवाद के बाद खेत गई थी; रायसेन में पति पर हत्या की आशंका

INT News7 September 2026 at 02:53 pm

रायसेन जिले के सिलवानी थाना क्षेत्र के रानीपुरा गांव में रविवार सुबह खेत के कुएं में 28 साल की एक विवाहिता का शव मिला। मृतका की पहचान आरती आदिवासी के तौर पर हुई है। आरती ने करीब दो साल पहले 30 साल के प्रदीप रघुवंशी से प्रेम विवाह किया था। दोनों की छह महीने की एक बच्ची भी है। जानकारी के मुताबिक, शादी के बाद आरती अपने पति के साथ रहने के बजाय रानीपुरा गांव में अपने पिता के घर रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि पति आए दिन आरती को परेशान करता था, जिस वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। बताया गया है कि रविवार सुबह भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों खेत में काम करने चले गए। कुछ देर बाद आरती की छोटी बहन खेत पर पहुंची, तो उसने कुएं में आरती का शव देखा। इसके बाद उसने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। हत्या कर शव कुएं में फेंकने की आशंका

आरती के परिजनों ने उसके पति पर हत्या कर शव कुएं में फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस पति से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।