Thursday, 8 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

रूपी सोरेन के निधन पर JITA अध्यक्ष अमितेश सहाय ने जताया शोक, कहा- झारखंड की एक और बड़ी क्षति

INT News7 October 2026 at 11:08 pm

रांची. झारखंड इंडस्ट्री एंड ट्रेड एसोसिएशन (JITA) के अध्यक्ष अमितेश सहाय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन पर गहरा शोक जताया है. उन्होंने रूपी सोरेन के निधन को झारखंड के लिए एक और बड़ी क्षति बताते हुए शोक संतप्त सोरेन परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.

अमितेश सहाय ने जारी बयान में कहा कि रूपी सोरेन के निधन का समाचार स्तब्ध करने वाला और हृदयविदारक है. उनके निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है. उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का निधन झारखंड के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य के लिए अपूरणीय क्षति है.

शिबू सोरेन के निधन के बाद परिवार को एक और आघात

अमितेश सहाय ने कहा कि पिछले वर्ष अगस्त में शिबू सोरेन के निधन के बाद परिवार और राज्य के लिए यह एक और गहरा आघात है. उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का व्यक्तित्व सरलता और सेवा का प्रतीक था. उन्होंने लंबे समय तक परिवार को संबल प्रदान करते हुए झारखंड के संघर्षों में मूक समर्थन और शक्ति दी.

दुमका लोकसभा चुनाव का भी किया जिक्र

अमितेश सहाय ने रूपी सोरेन से अपने व्यक्तिगत जुड़ाव का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने दुमका लोकसभा चुनाव के दौरान रूपी सोरेन के बूथ एजेंट का दायित्व संभालने का काम किया था. उन्होंने कहा कि आज उनसे बिछड़ना उनके लिए बेहद पीड़ादायक है.

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति मिले. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पूरे सोरेन परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.

कहा- दुख की घड़ी में सोरेन परिवार के साथ झारखंड

अमितेश सहाय ने कहा कि इस दुख की घड़ी में झारखंड की जनता सोरेन परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन की स्मृतियां हमेशा लोगों के बीच बनी रहेंगी.