Thursday, 8 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

हंदवाड़ा के जंगल में सुरक्षा बलों ने नष्ट किया आतंकियों का ठिकाना, भारी मात्रा में हथियार भी किए बरामद

INT News8 October 2026 at 02:14 am

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. बुधवार, 7 अक्टूबर को नागदनार के जंगल में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान एक पुराना आतंकी ठिकाना मिला, जिसे सुरक्षा बलों ने नष्ट कर दिया. तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एके-47 राइफल, हथगोले, बड़ी संख्या में कारतूस और दूसरे हथियार भी बरामद किए. अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई एक विशेष सूचना के आधार पर की गई थी. अभियान में हंदवाड़ा पुलिस के साथ सेना की 21 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 92 बटालियन भी शामिल थी.

भारी मात्रा में हथियार बरामद

तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकी ठिकाने से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए. अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामान में एक एके-47 राइफल, तीन हथगोले, एके-47 के 857 कारतूस, 192 पीका राउंड, एके की आठ मैगजीन, एक साइलेंसर और पिस्तौल के 83 कारतूस शामिल हैं. इसके अलावा भी कुछ ऐसी सामग्री मिली है, जिसे जांच के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सुरक्षा बलों ने आतंकी ठिकाने को ध्वस्त कर दिया है.

ये भी पढ़ें: न सिम, न टावर, न वाई-फाई... भारतीय सेना से बचने के लिए LoRa टेक्नोलॉजी का सहारा ले रहे पाकिस्तानी आतंकी, जानिए कैसे करता है काम

मामले की जांच कर रही पुलिस

हथियारों की बरामदगी के बाद हंदवाड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह ठिकाना कब से इस्तेमाल नहीं हो रहा था, हथियार यहां कब और किसके जरिए पहुंचाए गए थे और इनका संबंध किस पुराने या सक्रिय आतंकी नेटवर्क से है. फिलहाल पुलिस की ओर से यह नहीं कहा गया है कि बरामद हथियार सीधे तौर पर किस आतंकी संगठन से जुड़े हैं.

सितंबर में भी हंदवाड़ा में सामने आया था आतंकी मॉड्यूल

हंदवाड़ा-कुपवाड़ा इलाके में पिछले महीने भी एक आतंकी मॉड्यूल का मामला सामने आया था. 9 सितंबर को पुलिस ने हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े एक कथित मॉड्यूल में काम कर रहे पूर्व आतंकी मंजूर अहमद भट को गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक, भट हंदवाड़ा के क्रुहमुरा का रहने वाला है. उसके पास से चीनी पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 कारतूस बरामद किए गए थे. पुलिस ने यह भी कहा था कि वह पहले दो मामलों में गिरफ्तार भी हो चुका था और कथित तौर पर ‘हाइब्रिड’ तरीके से काम कर रहा था. सुरक्षा एजेंसियां ‘हाइब्रिड आतंकवाद’ शब्द का इस्तेमाल ऐसे लोगों के लिए करती हैं, जो आम तौर पर सुरक्षा रिकॉर्ड में सक्रिय आतंकियों के रूप में दर्ज नहीं होते, लेकिन किसी आतंकी नेटवर्क के कहने पर खास हिंसक या गैरकानूनी गतिविधि को अंजाम दे सकते हैं.

ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने किया 5 आतंकी सहयोगी गिरफ्तार, भारी संख्या में हथियार, गोला-बारूद बरामद