national
कैमरों के लिए हैं पैट्रिआर्की का उपदेश... BJP नेता ने राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप, प्रियंका गांधी को भी नहीं छोड़ा

चुनाव आयोग में कथित गड़बड़ियों और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है. बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्षी सांसदों ने एक बार फिर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन के दौरान का कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा.
प्रियंका गांधी पर बीजेपी नेता ने लगाए आरोप
इसी बीच बीजेपी नेता प्रीति गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो शेयर कर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रीति गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में वीडियो शेयर कर लिखा कि प्रियंका गांधी के उपदेश और व्यवहार में अंतर है.
दरअसल, वीडियो में प्रियंका गांधी एक महिला पुलिसकर्मी के साथ कथित तौर पर मारपीट करती दिखाई दे रही हैं. बीजेपी नेता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी की छवि को एक जनसमर्थन वाली नेता के तौर पर पेश करने के लिए कांग्रेस की ‘PR मशीनरी’ काम करती है.
कैमरे के लिए है राहुल गांधी का पैट्रिआर्की का उपदेश!
प्रीति गांधी ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वर्दी पहनी महिला पुलिसकर्मी के साथ किसी भी तरह का अनुचित शारीरिक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता.
उन्होंने राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात सिर्फ नारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए. प्रीति गांधी ने तंज कसते हुए राहुल गांधी से पूछा कि क्या वो इसी तरह ‘पैट्रिआर्की खत्म’ करने की बात करते हैं.
बीजेपी नेता ने राहुल गांधी पर दिल्ली पुलिस की एक महिला अधिकारी के साथ कथित तौर पर शारीरिक संपर्क करने का आरोप लगाते हुए इसे ‘घिनौना’ बताया. दरअसल, वीडियो में राहुल गांधी एक महिला पुलिस अधिकारी को कथित तौर पर धक्का देते और उसे अनुचित तरीके से छूते नजर आ रहे हैं.
CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन
बुधवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद जनपथ से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए जा रहे थे, इस दौरान पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया. इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया. हालांकि हिरासत में लिए जाने के कुछ समय बाद नेताओं को रिहा कर दिया गया. रिहाई के बाद राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष का आंदोलन जारी रहेगा और जब तक CEC ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता वो प्रदर्शन करते रहेंगे.
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने से क्यों रोक रही पुलिस? जानें क्या है नियम