Thursday, 8 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

कल पैतृक गांव नेमरा में पंचतत्व में विलीन होगी रूपी सोरेन, रांची से सुबह 9 बजे ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर

INT News7 October 2026 at 11:47 pm

रांची से नवीन शर्मा की रिपोर्ट

रांची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ में किया जाएगा. झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से जारी सूचना के अनुसार रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर गुरुवार, 8 अक्टूबर को सुबह 9 बजे नेमरा ले जाया जाएगा. वहीं उनका दोपहर 12 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा.

झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि पार्टी की केंद्रीय उपाध्यक्ष रूपी सोरेन का निधन 7 अक्टूबर 2026 को हुआ. पार्टी और शोकाकुल परिजनों की ओर से उन्हें अंतिम जोहार और भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी है.

नेमरा में होगा अंतिम संस्कार

रूपी सोरेन के निधन के बाद अब अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है. पार्टी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि गुरुवार सुबह 9 बजे उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव नेमरा ले जाया जाएगा. इसके बाद वहीं अंतिम संस्कार होगा.

नेमरा सोरेन परिवार का पैतृक गांव है. इससे पहले दिवंगत शिबू सोरेन का भी अंतिम संस्कार नेमरा में ही किया गया था.

सिंगापुर में हैं बसंत सोरेन, मां के निधन की मिली जानकारी

इधर, जानकारी सामने आ रही है कि रूपी सोरेन के छोटे बेटे और हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन इस समय सिंगापुर में हैं. उन्हें मां के निधन की जानकारी मिल गयी है और उनके गुरुवार को रांची आने की बात सामने आ रही है.

ऐसे में यह भी कयास लगाया जा रहा है कि अंतिम संस्कार से पहले बसंत सोरेन के रांची पहुंचने का इंतजार किया जा सकता है. हालांकि, अंतिम संस्कार के समय में बदलाव या बसंत सोरेन के पहुंचने तक इंतजार को लेकर अभी कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गयी है.

मां के निधन से हेमंत सोरेन भी भावुक

रूपी सोरेन के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने लिखा, “बाबा के जाने के बाद मां ही मेरी सबसे बड़ी छांव थीं. आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गयीं. मां....”

रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार में शोक का माहौल है. उनके निधन पर झारखंड के कई नेताओं और मंत्रियों ने भी शोक जताया है.

झामुमो परिवार और शोकाकुल परिजनों की ओर से रूपी सोरेन को अंतिम जोहार और श्रद्धांजलि दी गयी है.