national · उत्तर प्रदेश
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने किया 5 आतंकी सहयोगी गिरफ्तार, भारी संख्या में हथियार, गोला-बारूद बरामद

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में पुलिस ने सुरक्षाबलों के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार कुलगाम पुलिस, 9 राष्ट्रीय राइफल्स (9RR) और 18 बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने पांच संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई खुरवान चादर, कुलगाम इलाके में मिली एक सूचना के आधार पर की गई. संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को पकड़ा.
दो पिस्टल और 3 ग्रेनेड बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से 2 पिस्तौल, 3 मैगजीन, 9 एमएम के 40 राउंड और 3 ग्रेनेड बरामद किए गए हैं. पुलिस ने बताया कि मामले में बरामद हथियार और गोला-बारूद को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है.
कौन हैं पांचों आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए पांच लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है.
तजमुल हुसैन मीर — मंजूर अहमद मीर के बेटे, गुफबाल निवासी.
रहमत अली नाइकू — गुलाम हसन नाइकू के बेटे, खुरवान निवासी.
तहरीम अहमद भट — मुश्ताक अहमद भट के बेटे, खुरवान निवासी.
मंजूर अहमद भट — गुलाम हसन भट के बेटे, खुरवान चादर निवासी.
किफायत अहमद डार — अब्दुल रशीद डार के बेटे, मलतलहामा, कुलगाम निवासी.
पुलिस की भाषा में आतंकी सहयोगी (terror associates) उन लोगों को कहा जाता है जिन पर आतंकियों को किसी तरह की मदद देने का आरोप होता है. यह मदद हथियार पहुंचाने, ठिकाना उपलब्ध कराने, संपर्क या दूसरी तरह की सहायता के रूप में हो सकती है.
ये भी पढ़ें: न सिम, न टावर, न वाई-फाई... भारतीय सेना से बचने के लिए LoRa टेक्नोलॉजी का सहारा ले रहे पाकिस्तानी आतंकी, जानिए कैसे करता है काम
कुलगाम थाने में मामला दर्ज, आगे की जांच कर रही पुलिस
पुलिस के अनुसार मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कुलगाम थाना में केस दर्ज किया गया है. मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी गई है. जांच एजेंसियां बरामद हथियारों और गिरफ्तार किए गए लोगों के संभावित संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं. पुलिस के मुताबिक फिलहाल मामले की जांच जारी है.