Thursday, 8 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

Basketball Intercollege Tournament: SRT कैंपस ने जीता खिताब, 6 खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन की उम्मीद

INT News7 October 2026 at 11:43 pm

Basketball Intercollege Tournament: बास्केटबॉल इंटर कॉलेज टूर्नामेंट में एसआरटी कैंपस (SRT Campus) की टीम ने अपना दबदबा साबित करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है. रोमांचक मुकाबलों के बाद SRT कैंपस ने फाइनल जीतकर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की. इस प्रतियोगिता में श्रीनगर गढ़वाल कैंपस (बिड़ला कैंपस) की टीम उपविजेता (रनर अप) रही.

इस अंतर-महाविद्यालयी टूर्नामेंट में चार प्रमुख टीमों ने हिस्सा लिया था. इनमें एसआरटी कैंपस, डीएवी पीजी कॉलेज, डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून और बिड़ला कैंपस (श्रीनगर गढ़वाल) शामिल थीं. सभी टीमों के बीच कोर्ट पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन एसआरटी कैंपस के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल और बेहतरीन रणनीति के दम पर जीत दर्ज की. बिड़ला परिसर, श्रीनगर गढ़वाल की ओर से इस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था.

इन खिलाड़ियों के दम पर टीम बनी चैंपियन

टूर्नामेंट में एसआरटी कैंपस की ओर से कोर्ट पर मुख्य रूप से 6 खिलाड़ियों ने अपनी तेजी और शानदार तालमेल से सबका दिल जीता. इनमें हर्ष प्रियांशु, यश पंवार, अर्पित सजवाण, प्रखर सजवाण, आयुष रमोला और कैलाश चंद्र शामिल रहे.

टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले हर्ष प्रियांशु अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) में उपाध्यक्ष भी हैं. पूरी 13 सदस्यीय विजेता टीम में मानवेंद्र सिंह, शिवांश मिश्रा, शुभम सकलानी, साहिल रावत, शिवम बिष्ट और आदित्य चौहान का भी अहम योगदान रहा.

राष्ट्रीय स्तर के चयन के लिए 6 खिलाड़ियों के नाम चर्चा में

टूर्नामेंट में कोर्ट पर धुआंधार खेल दिखाने वाले इन 6 खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जमकर सराहना हो रही है. इनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर की आगामी प्रतियोगिता के लिए पांच से छह खिलाड़ियों के चयन की प्रबल संभावना जताई जा रही है. हालांकि खेल प्रेमियों और चयनकर्ताओं के बीच इनके नामों की चर्चा सबसे आगे चल रही है.

राष्ट्रीय स्तर पर चयन की आधिकारिक पुष्टि विश्वविद्यालय की स्पोर्ट्स कमेटी या संबंधित चयन समिति की ओर से फाइनल लिस्ट जारी होने के बाद ही होगी. एसआरटी कैंपस की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है.