Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

नशे के खिलाफ दौड़ा रेवाड़ी; सीएम ने दिखाई झंडी:छोटे बच्चों को कंधों पर उठाकर दौड़े प्रतिभागी; उमड़ी हजारों की भीड़

INT News6 September 2026 at 08:49 pm

रेवाड़ी में रविवार का हाफ मैराथन में शामिल होने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी। युवाओं के साथ हर उम्र के महिला और पुरषों ने अपनी प्रतिभागिता दिखाई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राव तुराम स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में लोग छोटे बच्चों को कंधों पर उठाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाते नजर आए। जिलाभर से 52745 पुरुष और 39093 महिलाओं ने पंजीकरण करवाया था। सीएम बोले- यह युवाओं के भविष्य की लड़ाई मैराथन में उमड़ी भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री ने कहा कि रेवाड़ी के युवाओं ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का ऐलान कर दिया है। अब बस इसे बनाए रखने की जरूरत है। यह कोई राजनीति कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने की लड़ाई है। जिसके लिए सरकार कृत संकल्प है और प्रदेश से नशे को जड़ से खत्म करने की दिशा में हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए गठित टॉस्क फोर्स में सरपंच और वार्ड पार्षदों को भी शामिल किया गया है। हर व्यक्ति इसमें अपना सहयोग दें, अपने आसपास नशा बिकने की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उनका नाम और पता गुप्त रखा जाएगा। तभी हम नशे को जड़ से खत्म करने में सफल हो पाएंगे। खुद भीड़ को नियंत्रित करते दिखे एसपी अभय सिंह चौक से बालाजी मार्केट तक दिल्ली रोड पर दोनों तरफ लोग ही लोग नजर आ रहे थे। जिसके चलते एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा मंच से नीचे उतरकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्वयं भीड़ को नियंत्रित करते दिखाई दिए। हरियाणवी कलाकरों के धुन पर भी प्रतिभागी झूमते देखे गए। यश और पूजा बने विजेता रेवाड़ी में नशे के खिलाफ हुई 10 किलोमीटर हॉफ मैराथन के पुरुष वर्ग में यश प्रथम, पंकज दि्वतीय व शंकर दयाल तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में पूजा प्रथम, सोनिया दूसरे और नीलम तीसरे स्थान पर रही। विजेताओं को एक लाख, 50 हजार और 21-21 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया। 5 किलोमीटर में पहले तीन विजेताओं को 5100, 3100 और 2100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। मैराथन में भाग लेने के लिए भारी संख्या में भीड़ उमड़ी। मौसम का भी मिला साथ रेवाड़ी में शुक्रवार और शनिवार को दिनभर रूक-रूककर बूंदाबांदी होती रही। जिससे रविवार को होने वाली मैराथन में मौसम के खलल डालने की आशंका बनती जा रही थी। इसके उल्ट रविवार सुबह दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा। दोपहर बाद कुछ धूप भी देखने को मिली। मैराथन का सफल आयोजन होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली। मंच पर मची आपा-धापी मैराथन को हरीझंडी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री खुद भी कुछ दूर पैदल प्रतिभागियों के साथ दौड़। इसके बाद खुली जीप में सवार होकर अभय सिंह चौक से राजेश पायलट चौक से होते हुए वापस राव तुलाराम स्टेडियम के पास बने मंच पर पहुंचे। इससे पहले मैराथन पूरी कर पहुंचे प्रतिभागियों में पुरस्कार वितरण को लेकर आपा-धापी देखने को मिली। वहां तैनात सुरक्षा कर्मी और आयोजन समिति के सदस्य मूक दर्शक बनकर खड़े देखते रहे।