Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी BJP:PM के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर अभियान, बूथ स्तर तक होंगे कार्यक्रम

INT News6 September 2026 at 08:20 pm

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इसके तहत बूथ स्तर तक सेवा गतिविधियां और लोगों से संपर्क के कार्यक्रम किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में कार्यशाला और जिला कार्यसमिति की बैठक हुई। कार्यशाला में भोपाल संभाग प्रभारी और विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठन के लिए अनुशासन और लगन से काम करने की अपील की। जिला प्रभारी सीताराम यादव ने अभियान की गतिविधियों को बड़े स्तर पर चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाएंगे। जिलाध्यक्ष महाराज सिंह दांगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 साल का सार्वजनिक जीवन सेवा, नेतृत्व और सुशासन का उदाहरण है। उन्होंने मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति तथा भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ने की बात कही। विधायक मुकेश टंडन ने कार्यकर्ताओं से अभियान की सफलता के लिए तैयारी के साथ जुटने की अपील की। एक महीने में 13 कार्यक्रम आयोजित होंगे जिला मीडिया प्रभारी डॉ. राहुल जैन ने बताया कि अभियान के दौरान 13 अलग-अलग कार्यक्रम किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दिया’, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत की यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’, ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए भाजपा कार्यकर्ता जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक नागरिकों से संपर्क करेंगे और सेवा गतिविधियों में भागीदारी करने की बात कही गई है। बैठक के अंत में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोगों की सेवा से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक में जिला प्रभारी सीताराम यादव, जिलाध्यक्ष महाराज सिंह दांगी, विधायक मुकेश टंडन समेत भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।