Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पानीपत में BJP महिला पार्षद के घर फायरिंग का मामला:पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, रास्ता रोकने के विवाद में की थी वारदात

INT News6 September 2026 at 08:23 pm

पानीपत में मोतीराम कॉलोनी में नगर निगम की वार्ड 6 की BJP पार्षद कोमल पांचाल के घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग करने, पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने और वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में CIA-3 पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों को चौटाला रोड से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ पाला निवासी जावा कॉलोनी नूरवाला, बंटी उर्फ नीशु निवासी जावा कॉलोनी नूरवाला, विजय उर्फ जोगी निवासी मोतीराम कॉलोनी, चिराग उर्फ चिनू निवासी हरिसिंह कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों को रविवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनके साथी लव पंडित के साथ हुई कहासुनी की रंजिश में उन्होंने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था। रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में इस्तेमाल लाठी-डंडे और हथियार बरामद करेगी और फरार मुख्य आरोपी लव पंडित समेत अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी करेगी। हरि सिंह चौक पर रास्ता रोकने से शुरू हुआ विवाद तहसील कैंप थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, मोतीराम कॉलोनी निवासी लखन ने बताया कि वह सेंट्रिंग का काम करता है। 2 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने चाचा जोनी के साथ बाइक से हरि सिंह चौक की तरफ से गुजर रहा था। रास्ते में आरोपी लव पंडित, उसका भाई चिनू पंडित, अमन पंडित और 4-5 अन्य युवकों ने बाइक खड़ी कर उनका रास्ता रोक रखा था। जब लखन ने रास्ता रोकने की वजह पूछी, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन लव पंडित जाते-जाते देख लेने की धमकी देकर गया। 30-40 हमलावरों का धावा- चलाईं गोलियां, वाहनों में की तोड़फोड़ रंजिश के चलते कुछ ही देर बाद लव पंडित अपने साथ चिराग उर्फ चिनू, कादिर राणा, सौरभ उर्फ सिंगा, अमन जोगी, निशु जोगी, पंकज जोगी, लवली जोगी, अंशु राजपूत, विजय जोगी, राहुल बाबा, दीपक बादशाह और करीब 30 अन्य उपद्रवियों को लेकर पीड़ित के घर के बाहर चौक पर पहुंच गया। आरोपियों के हाथों में अवैध पिस्तौल, लाठी-डंडे और गंडासियां थीं। चौक पर पहुंचते ही चिनू पंडित, कादिर राणा और सौरभ ने लखन पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग कर दी। लखन किसी तरह अपनी जान बचाकर घर के अंदर भागा, तो हमलावरों ने बाहर बैठे उसके पिता ईशम सिंह पांचाल पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इसके अलावा, आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार, वेन्यू कार और परिवार की कई मोटरसाइकिलों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और फरार हो गए।