Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गुरुग्राम में अरावली पहाड़ियों पर लैंडस्लाइड:टूरिस्ट स्पॉट 'लेपर्ड ट्रेल' तक पहुंचा मलबा, सड़क पर दौड़ रहे वाहन बाल-बाल बचे

INT News6 September 2026 at 08:57 pm

गुरुग्राम में अरावली की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लेपर्ड ट्रेल पर हादसा होने से बाल-बाल बच गया। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण लेपर्ड ट्रेल के मुख्य मार्ग के पास अचानक लैंडस्लाइड हो गया। पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा दरकने से भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और पेड़-पौधों का मलबा सीधे मुख्य सड़क के करीब तक पहुंच गया। गनीमत रही कि यह मलबा सड़क पर दौड़ रहे वाहनों पर नहीं गिरा और सड़क किनारे तक पहुंचा। जिससे किसी भी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है और वहां से गुजर रहे राहगीर व पर्यटक बाल-बाल बच गए। यह घटना उस समय हुई जब वीकेंड की वजह से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली-एनसीआर से यहां प्रकृति का आनंद लेने और घूमने पहुंचे थे। पहाड़ दरकने के तुरंत बाद वहां मौजूद कुछ जागरूक पर्यटकों ने इसका वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया।वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह पहाड़ से भारी पत्थर और मिट्टी खिसककर नीचे मुख्य सड़क के करीब तक पहुंच गई। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग अरावली के इस पहाड़ी रास्ते पर सफर करने को लेकर आपस में बात करते नजर आ रहे हैं। बाल-बाल बचे राहगीर, टला बड़ा हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब यह लैंडस्लाइड हुआ, उस समय सड़क से कुछ गाड़ियां निकल रही थीं। गड़गड़ाहट की आवाज सुनते ही चालकों ने सूझबूझ दिखाई और अपने वाहनों को काफी पीछे ही रोक लिया। कुछ ही सेकंड के भीतर पहाड़ का मलबा सड़क के किनारे तक फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर मलबा सड़क तक पहुंचता हो अनहोनी हो सकती थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल सोशल मीडिया पर जब पर्यटकों द्वारा बनाया गया वीडियो तेजी से वायरल हुआ, तब अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि भारी बरसात के चलते मिट्टी धंसने की वजह से पहाड़ियों के पत्थर नीचे खिसकते हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान इन पहाड़ी रास्तों पर जाने से बचें, खासकर देर शाम या सुबह के समय यात्रा न करें। इसके साथ ही लेपर्ड ट्रेल पर वाहनों की रफ्तार धीमी रखने और किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी या लापरवाही न करने की हिदायत दी गई है।