समाचार · हरियाणा
मनाली से गुरुग्राम लौट रहे पांच दोस्तों की कार एक्सीडेंट:सोनीपत में दो की मौत; अज्ञात ट्रक ने मारी टक्कर, ड्राइवर के खिलाफ केस
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में शनिवार को दिल्ली-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक मनाली घूमकर एक कार में सवार होकर गुरुग्राम लौट रहे थे। गन्नौर गढ़ी कला फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे एक अज्ञात ट्रक चालक ने उनकी कार को बाईं ओर से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक युवक कार के अंदर फंस गया, जबकि दूसरा सड़क पर बेहोश पड़ा मिला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दो युवकों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनाली से घूमकर लौट रहे थे सभी दोस्त केरल के कोझिकोड निवासी पुलिस को दी शिकायत में अश्वीन साजी ने बताया कि वह गुरुग्राम के सेक्टर-74 स्थित एक कंपनी में प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। उसके माता-पिता दुबई में नौकरी करते हैं। वह अपने दोस्तों आर्यन, सागर गोयल, धनजीत यादव और अभिनव श्रीवास्तव के साथ अपनी काले रंग की नेक्सॉन कार में एक जुलाई को गुरुग्राम से मनाली घूमने गए थे। चार जुलाई की सुबह सभी मनाली से वापस गुरुग्राम लौट रहे थे। गढ़ी कला फ्लाईओवर पर ट्रक ने मारी टक्कर शिकायत के अनुसार जब उनकी कार गन्नौर क्षेत्र के गांव गढ़ी कला स्थित फ्लाईओवर पर पहुंची तो पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक चालक ने तेज गति, गफलत और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार की बाईं ओर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस पहुंची तो कार में फंसा मिला युवक, दूसरा सड़क पर पड़ा था बेहोश गन्नौर थाना पुलिस के अनुसार सुबह करीब 6:25 बजे आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन से दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक बिट्टू रावल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां काले रंग की दुर्घटनाग्रस्त नेक्सॉन कार सड़क पर खड़ी मिली। कार के अंदर चालक सीट के पास एक युवक बेहोशी की हालत में फंसा हुआ था, जबकि दूसरा युवक सड़क पर बेहोश पड़ा मिला। पुलिस ने दोनों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भिजवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क किनारे करवाकर घटनास्थल के वीडियो और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। तीन घायलों को किया गया रेफर, दो युवकों की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत पुलिस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गन्नौर से सूचना मिली कि घायल अश्वीन, धनजीत और अभिनव का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसी दौरान सामान्य अस्पताल सोनीपत से सूचना मिली कि दुर्घटना में घायल दो अन्य युवकों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। बाद में पुलिस को जानकारी मिली कि अश्वीन, धनजीत और अभिनव को उपचार के लिए निदान अस्पताल, सोनीपत में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर ने दो घायलों को बयान के लिए फिट बताया निदान अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अश्वीन और धनजीत को बयान देने के लिए फिट घोषित किया, जबकि अभिनव की हालत गंभीर होने के कारण उसे बयान देने के लिए अयोग्य बताया गया। इसके बाद अश्वीन ने पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज पुलिस ने घायल अश्वीन की शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106 के तहत अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ गन्नौर थाना में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना करने वाले ट्रक और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और हादसे के सभी पहलुओं की भी विस्तृत जांच जारी है।