समाचार · मध्य प्रदेश
गुना जीआरपी की बड़ी कार्रवाई:ट्रेन में जेवर चोरी करने वाले 7 शातिर गिरफ्तार, ₹15 लाख के आभूषण बरामद
बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में मुंगावली के एक परिवार से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का गुना जीआरपी ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एटा और हाथरस निवासी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 15 लाख रुपये के जेवर बरामद किए हैं। बाकी सामान की तलाश जारी है। शादी के लिए ले जा रहे थे जेवर 13 जून को मुंगावली के ग्राम नरखेड़ा निवासी आबिद खान अपनी बेटी की शादी के लिए परिवार के साथ ग्वालियर-बीना पैसेंजर ट्रेन से म्याना जा रहे थे। आरोपियों ने पहले से उनकी रेकी कर रखी थी। सफर के दौरान बहाना बनाकर ट्रॉली बैग ऊपर रखवाया और चेन काटकर करीब 290 ग्राम सोना व सवा किलो चांदी के जेवर चोरी कर शाढ़ौरा स्टेशन पर उतरकर फरार हो गए। सीसीटीवी और साइबर ट्रैकिंग से खुलासा रेल आईजी राजबाबू सिंह के निर्देशन में गठित एसआईटी और साइबर सेल ने कई रेलवे स्टेशनों व होटलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पहले एक आरोपी राजकुमार सिंह यादव को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद पूरे गिरोह तक पुलिस पहुंच गई। जमीन में गाड़े थे चोरी के जेवर पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी चोरी के बाद म्याना रेलवे स्टेशन के आउटर पर जेवर जमीन में गाड़कर फरार हो गए थे। एक महीने बाद जब वे जेवर निकालने लौटे तो एसआईटी ने घेराबंदी कर सातों आरोपियों को दबोच लिया। मौके से करीब 15 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए। अलीगढ़ के ज्वेलर को बेचा बाकी माल पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य यूपी के कई जिलों में वांछित हैं और पहले भी ऐसी वारदातें कर चुके हैं। चोरी के कुछ आभूषण अलीगढ़ के एक ज्वेलर को बेच दिए गए हैं, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।