Friday, 3 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

घर पर गिरी बिजली, 2 साल की मासूम की मौत:दमोह में तेज बारिश के दौरान हादसा; मां-नानी के साथ खेल रही थी, बुजुर्ग महिला गंभीर

INT News2 July 2026 at 11:12 pm

दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के नंदरई गांव में गुरुवार शाम तेज बारिश के दौरान एक घर पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में घर आई दो वर्षीय मासूम भांजी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी नानी गंभीर रूप से झुलस गईं। घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल दमोह में भर्ती कराया गया है। तेज बारिश के दौरान मकान पर गिरी बिजली यह हादसा गुरुवार शाम करीब सात बजे हुआ। नंदरई गांव के रहने वाले गोलू आदिवासी के घर पर तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी। उस वक्त गोलू की बहन और दो साल की भांजी देवांशी पिता राजेश गौंड घर पर ही मौजूद थे। बिजली की चपेट में आने से मासूम देवांशी बेहोश हो गई, वहीं गोलू की 58 वर्षीय मां केशरानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्वास्थ्य केंद्र में मासूम को डॉक्टरों ने घोषित किया मृत परिजन दोनों को तुरंत इलाज के लिए पथरिया स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दो वर्षीय देवांशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं नानी केशरानी की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर तुरंत जिला अस्पताल दमोह के लिए रेफर कर दिया। घायल महिला की हालत स्थिर जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर चक्रेश चौधरी ने बताया कि आकाशीय बिजली से झुलसी 58 वर्षीय महिला का इलाज जारी है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पटवारी हरिशंकर सोनी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और मामले की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है।