समाचार · मध्य प्रदेश
रक्षाबंधन के त्योहार के चलते ट्रेनों में बढ़ी भीड़:पश्चिम रेलवे द्वारा चलाई जा रही पांच-छह स्पेशल ट्रेनें, मुंबई, दिल्ली सहित कई रूट पर बढ़े फेरे
क्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। इंदौर से चलने वाली नियमित ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ने के साथ कई ट्रेनों में वेटिंग भी लंबी हो गई है। त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों और फेरे बढ़ाकर राहत देने की तैयारी की है। रेलवे का फोकस प्रमुख रूटों पर बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन उपलब्ध कराने पर है। पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार रक्षाबंधन जैसे प्रमुख त्योहारों पर सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए इंदौर से करीब 5 से 6 स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। यात्रियों की मांग के अनुसार इन ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। इससे नियमित ट्रेनों में सीट नहीं मिलने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकेंगे। मुंबई, दिल्ली समेत कई रूट पर बढ़े फेरे रेलवे के अनुसार मुंबई मार्ग पर चलने वाली दो द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं। इसके अलावा इंदौर-निजामुद्दीन ट्रेन के फेरों में भी वृद्धि की गई है। पुणे, पटना और सूबेदारगंज-प्रयागराज के लिए संचालित विशेष ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। इन रूटों पर त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या अधिक रहने की संभावना है। मांग बढ़ी तो अतिरिक्त कोच भी लगाए जा सकते हैं त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ट्रेनों में वेटिंग बढ़ना स्वाभाविक है, क्योंकि प्रत्येक ट्रेन में सीटों की संख्या सीमित होती है। पश्चिम रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, जिस ट्रेन में यात्रियों की मांग अधिक होगी और वह अपनी निर्धारित पूरी लंबाई में संचालित नहीं हो रही होगी, उसमें अतिरिक्त कोच लगाने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला केवल मांग के आधार पर नहीं होगा। इसके लिए संबंधित रूट पर ट्रैक की क्षमता, ट्रेन की लंबाई और परिचालन से जुड़ी परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाएगा।