समाचार · पंजाब
बठिंडा के बीर तालाब में दो युवकों के शव मिले:बाहों में लगे थे इंजेक्शन; नशे से मौत की आशंका, पुलिस ने जांच शुरू की
बठिंडा जिले के बीर तालाब इलाके में दो युवकों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों युवकों की बाहों में इंजेक्शन लगे हुए थे और मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना ने एक बार फिर पंजाब में नशे की समस्या और सरकार के नशा विरोधी अभियान पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, यूथ वेलफेयर सोसाइटी के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना मिली थी कि नारुआना और बीर तालाब गांव के बीच दो युवक बेहोशी की हालत में पड़े हैं तथा उनकी बाहों में इंजेक्शन लगे हुए हैं। सूचना मिलते ही सोसाइटी की टीम मौके पर पहुंची, जहां दोनों युवक मृत पाए गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी मृतकों की पहचान गांव जय सिंह वाला निवासी गुरविंदर सिंह और जोधपुर रमाना निवासी कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। नौजवान वेलफेयर सोसाइटी की मदद से शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स बठिंडा की मोर्चरी में भेज दिया गया है। डीएसपी बठिंडा (ग्रामीण) ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। उल्लेखनीय है कि बीर तालाब क्षेत्र लंबे समय से नशे के हॉटस्पॉट के रूप में चर्चित रहा है।