समाचार · मध्य प्रदेश
₹9.71 करोड़ का बस स्टैंड 1191 दिन बाद भी अधूरा:धार में 2023 में भूमिपूजन हुआ, 2024 तक पूरा होना था काम; महीनों से निर्माण बंद
धार शहर में 9.71 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा अत्याधुनिक बस स्टैंड भूमिपूजन के बाद भी 1191 दिन से अधूरा पड़ा है। इसका भूमिपूजन 10 मई 2023 को हुआ था और वर्ष 2024 तक काम पूरा करने का दावा किया गया था, लेकिन तय समय सीमा बीतने के बाद भी परियोजना अब तक पूरी नहीं हो सकी। निर्माण कार्य पिछले कई महीनों से पूरी तरह बंद है। मौके पर न तो मजदूर दिखाई दे रहे हैं और न ही निर्माण मशीनरी। ठेकेदार का अस्थायी कार्यालय भी हटा दिया गया है। बारिश और धूल के कारण अधूरा निर्माण ढांचा लगातार बदहाल होता जा रहा है। इससे करोड़ों रुपए की सार्वजनिक संपत्ति के खराब होने की आशंका बढ़ गई है। यह परिसर, जिसे यात्रियों की सुविधा और शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तैयार किया जा रहा था, अब बसों की मरम्मत और सर्विसिंग के लिए उपयोग किया जा रहा है।
नियमित निगरानी भी नहीं हो रही
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से काम बंद होने के कारण परिसर की नियमित निगरानी भी नहीं हो रही है। निर्माण के दौरान अधिकारियों ने कई बार मौके का निरीक्षण किया और काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। हालांकि, इन निर्देशों के बावजूद परियोजना की रफ्तार नहीं बढ़ सकी। अब 1191 दिन बीतने के बाद भी यह करोड़ों की परियोजना अधूरी है और निर्माण स्थल लगातार बदहाली की ओर अग्रसर है। धारवासियों को नया बस स्टैंड कब मिलेगा, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है।