Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बारिश में तीन करोड़ की 15 सड़कें गड्ढों में तब्दील:हरदा में मेंटेनेंस के कुछ दिन बाद ही उखड़ी ऊपरी परत, धंस रहे वाहन

INT News14 August 2026 at 09:40 am

हरदा शहर की कई सड़कें जर्जर हालत में हैं। बारिश के कारण इन सड़कों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। मुख्य मार्गों से लेकर कॉलोनियों तक हर जगह बड़े-बड़े गड्ढे देखे जा सकते हैं, जिनमें पानी भरने से वे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। शहर में लगभग एक साल पहले बनी सड़कें अब टूटती नजर आ रही हैं। हाल ही में हुई दो दिनों की बारिश ने सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि कुछ दिन पहले ही इन सड़कों का रखरखाव (मेंटेनेंस) कराया गया था, लेकिन बारिश ने उसकी हकीकत भी सामने ला दी। नगर पालिका ने कायाकल्प योजना के तहत तीन करोड़ रुपए की लागत से 15 सड़कों का निर्माण कराया था। इन सड़कों पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए थे, लेकिन बारिश के बाद इनकी हालत ऐसी हो गई है कि जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है, जिससे छोटे-बड़े गड्ढे वाहन चालकों के लिए चुनौती बन गए हैं। जिला अस्पताल के सामने धंस रहे वाहन

छिपानेर रोड पर जिला अस्पताल के सामने एक बड़ा गड्ढा है, जिसमें वाहन धंस जाते हैं। इसी तरह, बस स्टैंड जाने वाला मार्ग पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गया है। जनपद पंचायत के सामने भी सड़क पर सिर्फ गड्ढे ही नजर आ रहे हैं। इन मार्गों पर व्यापार करने वाले व्यवसायी भी नगर पालिका की उदासीनता से नाराज हैं। उनका कहना है कि मौसम खुलने पर धूल उड़ती है। इन सड़कों से रोजाना यात्री बसें, स्कूली बच्चों के ऑटो और अन्य वाहन बड़ी संख्या में गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है।