समाचार · हरियाणा
पलवल STF ने पकड़ा 5 हजार का इनामी बदमाश:मोबाइल शॉप में लूटपाट की, दुकानदार को पीटा, कई महीनों से चल रहा था फरार
पलवल की एसटीएफ टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश तुषार को गिरफ्तार किया है। आरोपित फुलवाड़ी गांव का निवासी है। एसटीएफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित तिगांव रोड से उसे दबोचा। एसटीएफ पलवल प्रभारी अनिल छिल्लर के अनुसार, तुषार पलवल के कैंप थाना में दर्ज एक मुकदमे में फरार चल रहा था। आरोपित ने पिछले वर्ष अपने साथियों के साथ मिलकर शहर के जवाहर नगर कैंप स्थित एक मोबाइल दुकान से लूटपाट की थी और दुकानदार से मारपीट भी की थी। इस मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए तुषार लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 13 अप्रैल को उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पलवल और फरीदाबाद के कई थानों में केस दर्ज गिरफ्तार तुषार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध पलवल और फरीदाबाद जिलों के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्ष 2023 में थाना कैंप पलवल में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, झपटमारी और आर्म्स एक्ट जैसी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अतिरिक्त, जनवरी में फरीदाबाद के थाना छांयसा में भी उसके विरुद्ध एक मामला दर्ज हुआ था। एसटीएफ पलवल यूनिट ने आरोपित तुषार को गिरफ्तार करने के बाद आगे की पूछताछ और रिमांड प्रक्रिया के लिए क्राइम ब्रांच पुलिस को सौंप दिया है।