समाचार · मध्य प्रदेश
नगर निगम से सहायक यंत्री का 'डिजिटल सिग्नेचर डोंगल' चोरी:CCTV फुटेज में भाजपा पार्षद ‘डोंगल’ जेब में रखते दिखे, आयुक्त ने FIR के लिए लिखा
ग्वालियर नगर निगम मुख्यालय, सिटी सेंटर स्थित टेंडर शाखा से प्रभारी सहायक यंत्री का डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) डोंगल चोरी होने का मामला सामने आया है। जांच में सामने आया कि डोंगल किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि वार्ड क्रमांक 21 के भाजपा पार्षद बृजेश श्रीवास ने उठाकर अपनी जेब में रख लिया और वहां से चले गए। पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। घटना 23 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2.50 बजे विद्युत विभाग की टेंडर शाखा में हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए निगमायुक्त संघप्रिय ने विश्वविद्यालय थाना पुलिस को पत्र लिखकर पार्षद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा है। टेबल पर रखा था सहायक यंत्री का डोंगल शिकायत के मुताबिक, 23 जुलाई को नगर निगम मुख्यालय की टेंडर शाखा में विद्युत विभाग के टेंडर अपलोड करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसके लिए प्रभारी सहायक यंत्री (विद्युत) रामबाबू दिनकर का डिजिटल सिग्नेचर डोंगल टेबल पर रखा था। इसी दौरान वार्ड 21 के पार्षद बृजेश श्रीवास टेंडर शाखा में आकर बैठ गए। उनके जाने के बाद जब टेंडर अपलोड करने के लिए डोंगल की जरूरत पड़ी तो वह टेबल पर नहीं मिला। कर्मचारियों ने पूरे कार्यालय में उसकी तलाश की, लेकिन शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। CCTV फुटेज में डोंगल जेब में रखते दिखे पार्षद डोंगल नहीं मिलने पर कार्यालय में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई। फुटेज में पार्षद बृजेश श्रीवास टेबल पर रखा डिजिटल सिग्नेचर डोंगल उठाकर अपनी जेब में रखते और वहां से जाते दिखाई दिए। मामले में टेंडर शाखा के लिपिक बनवारी बाथम, कंप्यूटर ऑपरेटर दुष्यंत शर्मा और लवलेश श्रीवास्तव ने लिखित बयान दिए हैं। उन्होंने भी पार्षद द्वारा डोंगल जेब में रखकर ले जाने की पुष्टि की है। निगमायुक्त के निर्देश पर दर्ज कराई जाएगी FIR डिजिटल सिग्नेचर डोंगल गायब होने से टेंडर प्रक्रिया प्रभावित होने और उसके दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए निगमायुक्त ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने विश्वविद्यालय थाना प्रभारी को पत्र भेजकर CCTV फुटेज और कर्मचारियों के बयानों के आधार पर पार्षद के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज करने के लिए कहा है। मामले में टेंडर शाखा के नोडल अधिकारी यशवंत मैकले को थाने में उपस्थित होकर FIR दर्ज कराने के लिए अधिकृत किया गया है। निगमायुक्त ने कहा- मामला गंभीर है निगमायुक्त संघप्रिय ने कहा, “इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए विश्वविद्यालय थाना पुलिस को लिखा गया है। भाजपा पार्षद ने कॉल रिसीव नहीं किया मामले में वार्ड 21 के भाजपा पार्षद बृजेश श्रीवास से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। मैसेज भेजकर भी जवाब मांगा गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।