Thursday, 8 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

VIDEO: राहुल गांधी को हिरासत में लेकर जा रही थी दिल्ली पुलिस, कार्यकर्ताओं ने बस का टायर किया पंक्चर

INT News7 October 2026 at 10:42 pm

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर की ओर मार्च के दौरान हिरासत में लिया था. विपक्षी सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जंतर-मंतर जाना चाहते थे.

राहुल गांधी को दूसरी बस में किया गया शिफ्ट

राहुल गांधी को लेकर जा रही बस का टायर पंक्चर होने के बाद वाहन को रोकना पड़ा. इसके बाद राहुल गांधी को दूसरी बस में शिफ्ट किया गया और उन्हें बाराखंबा रोड स्थित पुलिस स्टेशन ले जाया गया.

कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि राहुल गांधी को जिस बस में ले जाया जा रहा था, उसे अग्रसेन की बावली के पास पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंक्चर कर दिया.

पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया

इससे पहले जनपथ से जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे विपक्षी सांसदों को दिल्ली पुलिस ने अशोक रोड पर शांगरी-ला होटल के सामने रोक दिया था. इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया.

राहुल गांधी को पुलिसकर्मी बस में ले गए. इस दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ता बस के ऊपर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे. बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया.

सड़क पर लेट गईं प्रियंका गांधी

पुलिस द्वारा मार्च रोके जाने पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने विरोध जताया. वह सड़क पर लेट गईं और उनके हाथ में संविधान की प्रति थी. बाद में उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया.

विपक्षी सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर अपनी मांगें उठा रहे हैं. विपक्ष का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं.

ये भी पढ़ें: VIDEO: राहुल गांधी ने पीएम मोदी और शाह को ललकारा, बोले- मार्च रोक सकते हैं, हमारी इच्छाशक्ति नहीं

राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन

हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते. उन्होंने कहा कि विपक्षी सांसद लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.

बुधवार को हुए प्रदर्शन से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी सांसदों के लिए दोपहर के भोज का आयोजन किया था. इसके बाद विपक्षी सांसद तीन बसों में सवार होकर जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए थे.

यह लगातार दूसरा दिन था, जब राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया. मंगलवार को भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया था.

ये भी पढ़ें: Video: संविधान की प्रति हाथ में लेकर सड़क पर लेट गईं प्रियंका गांधी, कहा- महिला पुलिस ने खरोंचा और जमीन पर गिराया