समाचार · हरियाणा
पलवल में बंद मकान में चोरी का आरोपी गिरफ्तार:ताला तोड़कर चुराए थे ₹1.75 लाख कैश और जेवर; ₹8 हजार बरामद
पलवल जिला क्राइम ब्रांच ने होडल क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर हुई चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 8 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। पलवल पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया। क्राइम ब्रांच प्रभारी जगमिंदर सिंह ने बताया कि होडल की कृष्णा कॉलोनी के अंशु ने थाना होडल में शिकायत दर्ज कराई थी। अंशु के अनुसार, 11 से 14 जून के बीच जब वह अपने मायके गई हुई थीं, तब अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अलमारी से 1.75 लाख रुपए नकद, जेवरात और कपड़े चुरा लिए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। नाबालिग सहित तीन पहले से काबू मामले की जांच कर रहे क्राइम ब्रांच के मुख्य सिपाही मनोज कुमार ने बताया कि मामले में पहले ही एक नाबालिग सहित तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। गहन जांच के आधार पर, टीम ने वारदात में शामिल भगतजी कॉलोनी निवासी जतिन उर्फ पिस्तौल को गिरफ्तार किया। उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। निशानदेही पर 8 हजार कैश बरामद पुलिस रिमांड के दौरान, आरोपी जतिन की निशानदेही पर चोरी की राशि में से बचे हुए 8 हजार रुपए बरामद किए गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जतिन के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह संगठित अपराधों में संलिप्त रहा है।