समाचार · मध्य प्रदेश
सुभाष स्कूल के 12 जर्जर कमरों में नहीं बैठेंगे बच्चे:बुरहानपुर कलेक्टर के निरीक्षण के बाद दूसरी जगह शिफ्ट करने के दिए निर्देश
बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह ने मंगलवार को शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि ब्रिटिशकालीन इस विद्यालय के करीब 12 कमरे जर्जर स्थिति में हैं। सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को इन कमरों में छात्रों को न बैठाने और उन्हें दूसरी जगह स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यालय परिसर, सभागार और कक्षों का अवलोकन कर सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने और सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। विद्यालय की पुरानी और जर्जर स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। डीईओ रोहिणी पंवार ने बताया कि कलेक्टर के निरीक्षण के बाद जर्जर स्थिति वाले स्थानों से बच्चों को शिफ्ट करने को कहा गया है। विभाग एक नए भवन की तलाश कर रहा है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 12 कक्षों में बच्चों को न बैठाया जाए। पुनर्वास दुकानों का भी निरीक्षण किया
इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने नगर निगम द्वारा निर्मित की जा रही पुनर्वास दुकानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने शनवारा से गणपति नाका तक सड़क चौड़ीकरण कार्य स्थल का भी दौरा किया और विद्युत कंपनी को मार्ग में आने वाले विद्युत पोलों को शीघ्र व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गुरुनानक वार्ड क्रमांक 40 के आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के टीकाकरण की स्थिति भी जानी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ व अपर कलेक्टर सृजन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार, नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।