समाचार · हरियाणा
चोरी के शक में दो युवकों की लाठी-डंडों से पिटाई:बंद मकान में घुसने का आरोप; मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस को नहीं मिली शिकायत
सोनीपत शहर के जीवन विहार में चोरी के शक में दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बंद पड़े मकान में घुसे दो किशोरों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने से पहले कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस पूरी घटना का करीब साढ़े चार मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों की लगातार पिटाई होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। बंद मकान में घुसे मिले दो नाबालिग जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब आठ से साढ़े आठ बजे के बीच जीवन विहार स्थित एक बंद मकान में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना मकान मालिक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही प्रवीण चावला अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। हले घर में कोई दिखाई नहीं दिया, लेकिन पूरे मकान की तलाशी लेने पर एक कोने में छिपे दो नाबालिग मिले, जिन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। नशे में होने और चोरी की नीयत से आने का लगाया आरोप प्रवीण चावला का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों किशोर नशे की हालत में दिखाई दिए। उनका आरोप है कि बातचीत में किशोरों ने बताया कि सुभाष चौक पर बैठे कुछ युवकों ने उन्हें इस बंद मकान के बारे में जानकारी दी थी और कहा था कि वहां से जो भी सामान मिलेगा, उसे वे खरीद लेंगे। दोनों किशोरों ने खुद को जटवाड़ा क्षेत्र का निवासी बताया। वायरल वीडियो में दिखी बेरहमी से पिटाई सोशल मीडिया पर वायरल करीब 4 मिनट 41 सेकंड के वीडियो में मारपीट की पूरी घटना कैद होने का दावा किया जा रहा है। वीडियो की शुरुआत के लगभग 1 मिनट 7 सेकंड पर कमरे का गेट खोला जाता है और एक व्यक्ति हाथ में डंडा लेकर अंदर प्रवेश करता दिखाई देता है। इसी दौरान युवक डंडे को पकड़कर खुद को बचाने की कोशिश करता है। 1 मिनट 15 सेकंड से दोनों व्यक्ति उस पर डंडों से हमला शुरू कर देते हैं और अगले कुछ सेकंड में करीब 7 डंडे मारे जाते हैं। 1 मिनट 33 सेकंड पर किशोर का हाथ मरोड़ते हुए भी वीडियो में देखा जा सकता है, जबकि दूसरा व्यक्ति उसे पकड़कर खड़ा रखता है। दूसरे युवक को भी लगातार डंडों से पीटा गया वीडियो में आगे 2 मिनट 42 सेकंड पर सफेद शर्ट पहने एक व्यक्ति दूसरे युवक की पिटाई शुरू करता दिखाई देता है। आरोप है कि करीब 2 मिनट 50 सेकंड तक उस पर लगातार 7 डंडे बरसाए गए, जिससे वह जमीन पर गिर गया और बेसुध जैसी हालत में नजर आया। इसके बाद 3 मिनट 10 सेकंड पर पहले किशोर की दोबारा पिटाई की गई। इस दौरान एक व्यक्ति उसके हाथ पकड़कर खड़ा रखता है, जबकि दूसरा उसे चार से पांच बार डंडों से मारता दिखाई देता है।
डायल-112 पहुंची, दोनों किशोरों को साथ ले गई
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों नाबालिगों को अपने साथ ले गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाबालिग होने के कारण उन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया गया। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक रूप से कोई पुष्टि नहीं की है। लोगों ने बढ़ती चोरी पर जताई चिंता स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका मानना है कि केवल समझाइश देने से ऐसे मामलों पर रोक नहीं लगेगी। लोगों ने कानून के दायरे में रहकर प्रभावी कार्रवाई करने, संवेदनशील इलाकों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और बंद पड़े मकानों पर विशेष निगरानी रखने की मांग की है। पुलिस कर रही जांच, शिकायत का इंतजार
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।