समाचार · पंजाब
पठानकोट के तूड़ी वाले चौक में कूड़े के बड़े ढेर:बदबू और गंदगी से लोग परेशान, खुले में कूड़ा फेंकने पर उठे सवाल
पठानकोट शहर के तूड़ी वाले चौक में कूड़े के बड़े-बड़े ढेर जमा होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से जमा कूड़े के कारण इलाके में बदबू और गंदगी फैल रही है, जबकि चौक की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, निगम की ट्रालियों के माध्यम से शहर से कूड़ा एकत्रित कर डेयरी वाले स्थान पर ले जाकर डाला जाता है। अधिकारियों का कहना है कि समस्या उस समय बढ़ जाती है, जब छोटे रिक्शा और ऑटो चालक शहर के अलग-अलग हिस्सों से कूड़ा लाकर तूड़ी वाले चौक के आसपास खुले में फेंक देते हैं। नगर निगम की अपील- खुले में कूड़ा न फेंकें नगर निगम ने शहर के होटल संचालकों और अन्य कारोबारियों से अपील की है कि वे खुले में कूड़ा न फेंकें। निगम ने लोगों से निर्धारित ट्रालियों में ही कूड़ा डालने का आग्रह किया है, ताकि शहर के विभिन्न हिस्सों में कूड़े के ढेर न लगें। वहीं, स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि नगर निगम की ओर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था की गई है, तो फिर चौक पर इतनी बड़ी मात्रा में कूड़ा कैसे जमा हो रहा है। लोगों ने निगम से मामले की जांच कर खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तूड़ी वाले चौक की स्थिति नगर निगम की सफाई व्यवस्था के साथ-साथ लोगों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर को साफ रखने के लिए प्रशासन के साथ नागरिकों को भी सहयोग करना होगा।