समाचार · पंजाब
मोगा में शहीद अवतार सिंह की बहन ने बांधी राखी:भाई के आदमकद प्रतिमा पर पहुंची, तिलक लगाकर बांधी रक्षा की डोर
रक्षाबंधन के अवसर पर गांव कपूरा में शहीद हवलदार अवतार सिंह की बहन दविंद्र कौर बबली ने अपने भाई के आदमकद बुत पर राखी बांधी। उन्होंने इस प्रकार अपने शहीद भाई की शहादत को नमन किया। हवलदार अवतार सिंह वर्ष 2001 में जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे। दविंद्र कौर बबली अपने परिवार के साथ शहीद के आदमकद बुत के पास पहुंचीं और विधिवत रूप से राखी बांधी। इस दौरान शहीद के बेटे मनप्रीत सिंह, पुत्रवधू किरणप्रीत कौर, पोता अवनिंदर सिंह, बेटी किरनप्रीत कौर और भाजी सुखप्रीत कौर भी उपस्थित थे। यह भावना देश भक्ति से जुड़ी हुई हैं दविंद्र कौर बबली ने कहा कि उनके भाई ने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान किया है। उन्हें इस बात पर गर्व है कि उनके भाई ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया और गांव तथा पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। उन्होंने बताया कि भाई की कलाई पर राखी बांधने की यह परंपरा उनके लिए भावनात्मक होने के साथ-साथ देशभक्ति की भावना से भी जुड़ी हुई है। भाई की शहादत को करती हैं याद वह हर वर्ष रक्षाबंधन पर अपने शहीद भाई के आदमकद बुत पर राखी बांधती हैं। इस अवसर पर वह न केवल अपने भाई की शहादत को याद करती हैं, बल्कि देश की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करती हैं। परिवार ने शहीद अवतार सिंह के बलिदान को याद करते हुए देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।