समाचार · मध्य प्रदेश
तामिया-पिपरिया मार्ग पर अनियंत्रित वाहन पेड़ से टकराया:सिवनी लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, 10 में से 6 घायल; डायल-112 ने तत्काल दी मदद
छिंदवाड़ा के तामिया-पिपरिया मार्ग पर शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया। सिवनी निवासी लोग अपने गांव लौट रहे थे, तभी उनका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए भेजा। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों को बस के माध्यम से उनके गांव रवाना किया गया। वाहन में बच्चे समेत 10 लोग थे सवार
जानकारी के अनुसार हादसे के समय वाहन में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें बच्चे भी शामिल थे। वाहन चालक आकाश वाडिवा के साथ भीखन सिंह, सियाराम, हरिराम, हानो सरेयाम सहित अन्य लोग सवार थे। हादसे में नंदिनी, शिवानी, बबिता, संध्या, दिव्यांश और सपना घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद मौक़े पर आरक्षक अनिल भलावी और पायलट संजय चौबे पहुँचे थे सड़क से नीचे उतरकर पेड़ से टकराया वाहन
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक वाहन तामिया-पिपरिया मार्ग पर अचानक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे उतरकर पेड़ से जा टकराया। हादसे में वाहन को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।