समाचार · मध्य प्रदेश
45 एकड़ जमीन विवाद, आधी रात सेंटर में घुसे लोग:नर्मदापुरम में ऑफिस और आवास में तोड़फोड़, CCTV कैमरे फोड़े; DVR भी ले गए
नर्मदापुरम के रसूलिया क्षेत्र में मिशनरी संस्था फ्रेंड्स रूलर सेंटर की करीब 45 एकड़ जमीन पर कब्जे और मालिकाना हक के विवाद में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात हंगामा हो गया। रात करीब 2:30 बजे 20 से ज्यादा लोग डंडे और बंदूक लेकर सेंटर में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने ऑफिस और मजदूरों के आवास खाली करने की धमकी दी। भवन के गेट और खिड़कियों में तोड़फोड़ की। CCTV कैमरे भी फोड़े और DVR लेकर चले गए। सुबह घटना सामने आने के बाद सेंटर में भीड़ जमा हो गई। सूचना पर देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। मामले में संस्था में दूध डेयरी चलाने वाले मंगल प्रभात बौरासी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। 45 एकड़ जमीन पर दो पक्षों का दावा रसूलिया में एसपीएम के रहवासी क्षेत्र से लगी करीब 45 एकड़ जमीन फ्रेंड्स रूलर सेंटर के पास है। जमीन की कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है। इसी जमीन पर अधिकार को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। आरोप है कि इसी विवाद के चलते कुछ लोग रात में सेंटर में घुसे। उन्होंने नर्सरी के पास बने आवास और ऑफिस में तोड़फोड़ की। डंडे और बंदूक लेकर घुसने का आरोप संस्था से जुड़े लोगों के मुताबिक, रात में 20 से ज्यादा लोग सेंटर में पहुंचे थे। उन्होंने कर्मचारियों और मजदूरों को परिसर खाली करने के लिए धमकाया। इसके बाद भवन में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। इनमें रेहान खान, सलमान खान, शिव शंकर सिंह, आरिफ खान, सागर सिसौदिया और अजय राजपूत निवासी ग्वालियर शामिल हैं। मोहन सिंह राजपूत और रंजीत सिंह राजपूत को भी पुलिस थाने लेकर गई। CCTV कैमरे तोड़े, DVR ले गए घटना के दौरान सेंटर में लगे CCTV कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया। कैमरे फोड़ने के बाद DVR भी ले जाने का आरोप है। इससे पुलिस को घटना की जांच में CCTV फुटेज नहीं मिल सका। पुलिस बोली- कोर्ट में विचाराधीन है जमीन का मामला देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने बताया कि फ्रेंड्स रूलर सेंटर की जमीन पर दो पक्ष अपना अधिकार जता रहे हैं। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कुछ लोगों ने रात में सेंटर में घुसकर तोड़फोड़ की है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। संस्था की 15 सदस्यीय कमेटी करती है देखरेख फ्रेंड्स रूलर सेंटर की जमीन और संस्था से जुड़े कामों की देखरेख कमेटी करती है। इसके अध्यक्ष रोनाल्ड टाइटस हैं। कमेटी में 15 सदस्य हैं। घटना के बाद कमेटी के सदस्य भी एफआईआर कराने के लिए थाने पहुंचे थे।