समाचार · मध्य प्रदेश
बहनों से राखी बंधवाने निकले लोग जाम में फंसे:गोहद में बैरिकेडिंग कर गाड़ियां रोकीं; भिंड में अग्रसेन चौराहे से अस्पताल तक रैंगा ट्रैफिक
भिंड में रक्षाबंधन पर शुक्रवार को बढ़े यातायात दबाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। गोहद चौराहे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा, जबकि भिंड शहर में अग्रसेन चौराहे से जिला अस्पताल के बीच दिनभर रुक-रुककर जाम की स्थिति बनी रही। करीब 200 मीटर का रास्ता पार करने में लोगों को 30 से 40 मिनट तक लगे। पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग कर यातायात नियंत्रित किया। गोहद में वाहनों की कतार, 2 घंटे फंसे रहे लोग
रक्षाबंधन पर निजी वाहनों की संख्या बढ़ने से गोहद चौराहे पर यातायात का दबाव बढ़ गया। भारी वाहनों की आवाजाही ने परेशानी और बढ़ा दी। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम खुलवाने के लिए पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग की। वाहनों को नियंत्रित तरीके से निकाला गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ। भिंड में सुबह 10 से शाम 6 बजे तक बार-बार जाम
भिंड शहर में अग्रसेन चौराहे से परेड चौराहा, डॉक्टर लाइन और जिला अस्पताल तक यातायात प्रभावित रहा। सुबह करीब 10 बजे से शाम 6 बजे तक हर घंटे जाम की स्थिति बनती रही। त्योहार पर लोग निजी वाहनों से बाजार और रिश्तेदारों के घर पहुंचे। मुख्य सड़कों पर ई-रिक्शा की संख्या भी बढ़ गई। सड़क किनारे खड़े वाहन और लगातार बढ़ता ट्रैफिक जाम की वजह बना। कई जगह वाहन रेंगते हुए चलते रहे। हाईवे-719 पर भी बढ़ा ट्रैफिक दबाव
गोहद क्षेत्र में नेशनल हाईवे-719 पर भी वाहनों की लंबी कतार लगी। निजी वाहनों के साथ भारी वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात धीमा हो गया। यातायात पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की। इसके बाद जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकाला गया। त्योहार से पहले ट्रैफिक प्लान की जरूरत
लोगों का कहना है कि रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार होना चाहिए। वाहनों का दबाव बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त पुलिस बल और पार्किंग व्यवस्था भी जरूरी है। शुक्रवार को लगे जाम ने शहर की यातायात व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए।