समाचार · हरियाणा
नारनौल में 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास:आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी गुरुवार शाम को गांव में पानी भरने के लिए गई थी। इसी दौरान गांव का एक युवक वहां पहुंचा और कथित तौर पर किशोरी को जबरन खींचकर पास के खेत में ले गया। आरोप है कि युवक ने किशोरी का मुंह दबाकर उसके कपड़े उतार दिए और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पीछे-पीछे आ गई मां इसी बीच किशोरी की मां, जो अपनी बेटी के पीछे-पीछे पानी भरने के लिए आ रही थी, मौके पर पहुंच गई। मां को अचानक सामने देखकर आरोपी घबरा गया और किशोरी को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मां ने तुरंत अपने पति को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने नांगल चौधरी थाना पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।