समाचार · मध्य प्रदेश
उज्जैन में 65 लीटर अवैध शराब जब्त, 3 गिरफ्तार:जीवाजीगंज और तराना पुलिस ने की कार्रवाई, 6 मामलों वाला आदतन अपराधी भी पकड़ा गया
उज्जैन में अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जीवाजीगंज और तराना थाना क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल करीब 65 लीटर अवैध शराब जब्त की है। पकड़े गए आरोपियों में एक के खिलाफ पहले से मारपीट के छह मामले दर्ज हैं। जीवाजीगंज में दो आरोपी गिरफ्तार जीवाजीगंज थाना पुलिस ने आदतन अपराधियों की जांच के दौरान दो आरोपियों को पकड़ा। वृंदावनपुरा कॉलोनी निवासी जमनालाल पिता कालूराम (28) के पास से 5 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची जहरीली शराब मिली। आगर रोड स्थित शिवांश सिटी निवासी कृष्णा पिता शंकरलाल (22) को 338 क्वार्टर देशी शराब अवैध तरीके से ले जाते हुए पकड़ा गया। जब्त शराब की कीमत करीब 30 हजार 420 रुपए है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। तराना में 6 मामलों वाला आरोपी पकड़ा तराना थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड, तराना निवासी अनिस पिता राजू (32) को हाथ भट्टी की कच्ची अवैध जहरीली शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 49-ए के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे उप जेल तराना भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, अनिस के खिलाफ पहले भी मारपीट के छह मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।